उत्तर-पश्चिम दिल्ली में कार से पुलिसकर्मी और पुलिस मित्र को टक्कर मारने के आरोप में युवक गिरफ्तार

Ads

उत्तर-पश्चिम दिल्ली में कार से पुलिसकर्मी और पुलिस मित्र को टक्कर मारने के आरोप में युवक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 10:11 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 10:11 PM IST

नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक व्यक्ति ने लोगों द्वारा पीछा किए जाने के दौरान भागने की कोशिश में अपनी एसयूवी कार से दिल्ली पुलिस का एक कांस्टेबल और एक पुलिस मित्र को कथित रूप से टक्कर मार दी जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान पीतमपुरा निवासी अरमान शौकीन (23) के रूप में हुई है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 17 मई की है जब कांस्टेबल आशीष सांगवान और पुलिस मित्र संदीप सिंह आउटर रिंग रोड के पास गश्त ड्यूटी पर थे।

पुलिस टीम ने देखा कि कुछ लोग एक संदिग्ध थार वाहन का पीछा कर रहे हैं और उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने कहा कि चालक ने भागने के प्रयास में पुलिस की मोटरसाइकिल को कथित तौर पर बार-बार टक्कर मारी और दोनों कर्मियों को कुचल दिया, जिससे वे घायल हो गए।

भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास), 132 (लोक सेवक को अपने आधिकारिक कर्तव्यों के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) और 221 (लोक कार्यों के निर्वहन में लोक सेवक को बाधा डालना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अपराध में इस्तेमाल थार कार को जब्त कर लिया गया है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव

शीर्ष 5 समाचार