संत बन बुजुर्ग महिला से गहने ठगने वाला शख्स गिरफ्तार

संत बन बुजुर्ग महिला से गहने ठगने वाला शख्स गिरफ्तार

संत बन बुजुर्ग महिला से गहने ठगने वाला शख्स गिरफ्तार
Modified Date: March 6, 2026 / 03:54 pm IST
Published Date: March 6, 2026 3:54 pm IST

नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने संत बनकर 65 वर्षीय महिला की समस्याओं को दूर करने का झांसा देकर उसके सोने के आभूषणों को ठगने के आरोप में 34 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी की पहचान मिथुन के तौर पर हुई है और उसके पास से पीड़िता का सोने का एक आभूषण बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना तीन मार्च को हुई, जब शिकायतकर्ता राज रानी (65) पास के एक घर में घरेलू काम खत्म करके पीतमपुरा स्थित अपने घर लौट रही थीं। पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे जब वह पीतमपुरा में टाटा पावर एनडीपीएल कार्यालय के पास पहुंचीं, तो एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और खुद को संत बताते हुए दावा किया कि वह उनकी सभी समस्याओं का समाधान कर सकता है।

अधिकारी ने कहा, ‘कुछ ही देर बाद, एक और व्यक्ति वहां आया और उसने अपनी समस्याओं को हल करने के लिए संत से मदद मांगने का नाटक किया ताकि बुजुर्ग महिला का भरोसा जीता जा सके।”

उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी ने उन्हें अपने साथ 151 कदम चलने को कहा और आश्वासन दिया कि इस अनुष्ठान के माध्यम से उनकी समस्या का समाधान हो जाएगा।

पुलिस के मुताबिक तीनों अंततः एक पुलिस बूथ के सामने, एक फुट ओवरब्रिज के नीचे पहुंचे जहां संत का रूप धारण किए हुए व्यक्ति ने शिकायतकर्ता से अनुष्ठान के हिस्से के रूप में अपना सोने का लॉकेट और झुमके दूसरे व्यक्ति को सौंपने को कहा।

अधिकारी ने बताया कि महिला ने अपने जेवरात उन्हें दे दिए जिसके बाद दोनों मौके से भाग गए।

उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की और आरोपी मिथुन की पहचान कर उसे दबोच लिया।

अधिकारी के मुताबिक, वह इसी तरह से अपराधों में अतीत में शामिल रहा है और पहले उत्तर प्रदेश में गिरफ्तार भी हो चुका है। उन्होंने बताया कि उसके साथी को गिरफ्तार करने की कोशिशें जारी हैं।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में