देहरादून में तंत्र-मंत्र की आड़ में महिला से 650 ग्राम सोना ठगने का आरोपी गिरफ्तार

देहरादून में तंत्र-मंत्र की आड़ में महिला से 650 ग्राम सोना ठगने का आरोपी गिरफ्तार

देहरादून में तंत्र-मंत्र की आड़ में महिला से 650 ग्राम सोना ठगने का आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: June 11, 2026 / 10:07 pm IST
Published Date: June 11, 2026 10:07 pm IST

देहरादून, 11 जून (भाषा) उत्तराखंड की देहरादून पुलिस ने अंधविश्वास और किसी अनहोनी घटना का डर दिखाकर एक महिला से 650 ग्राम सोना ठगने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी राहुल थापा ने तंत्र-मंत्र और अनहोनी घटना का डरा दिखाकर पीड़ितों को यकीन दिलाया कि उनके घरों पर कोई मुसीबत आने वाली है।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद थापा घर की शुद्धि या दोष दूर करने के अनुष्ठान के बहाने उनसे बड़ी रकम और कीमती सामान ऐंठ कर फरार हो गया।

यह मामला 31 मई को सामने आया, जब सेलाकुई के शहीद किशन थापा मार्ग की रहने वाली ओशिन गुरुंग ने थापा के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। गुरुंग ने बताया कि ढाई महीने पहले, थापा ने उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर डर दिखाकर उनके घर पर एक अनुष्ठान किया था, जिसके दौरान उसने लगभग 650 ग्राम सोना चुरा लिया।

शुरुआती जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद, सेलाकुई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने सेलाकुई के तेलपुरा अट्टक फार्म के रहने वाले थापा को हिरासत में लिया।

पुलिस ने दावा किया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर, पुलिस ने चोरी के जेवरात को पिघलाकर बनाई गई 150 ग्राम सोने की छड़ें और बाकी गहने बेचकर मिले पांच लाख रुपये की नकदी बरामद की।

भाषा शफीक माधव

माधव


लेखक के बारे में