गंगटोक में एक मूक-बधिर व्यक्ति की हत्या के आरोप में युवक गिरफ्तार

गंगटोक में एक मूक-बधिर व्यक्ति की हत्या के आरोप में युवक गिरफ्तार

गंगटोक में एक मूक-बधिर व्यक्ति की हत्या के आरोप में युवक गिरफ्तार
Modified Date: March 30, 2026 / 09:07 pm IST
Published Date: March 30, 2026 9:07 pm IST

गंगटोक, 30 मार्च (भाषा) सिक्किम के गंगटोक में एक मूक-बधिर व्यक्ति की हत्या के सिलसिले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित राजधानी के दारागांव-ताडोंग इलाके में सीटी और हाथ के इशारों से यातायात प्रबंधन में मदद करने के कारण ‘ट्रैफिक लाटा’ के नाम से लोकप्रिय था।

पुलिस ने बताया कि शनिवार रात दारागांव डाकघर के पास स्थित पीड़ित के आवास पर उसका शव मिला।

पुलिस ने पहले अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर कारण पता लगाने के लिए जांच शुरू की।

सूत्रों ने बाद में खुलासा किया कि पीड़ित की मौत दम घुटने से हुई, जिससे साजिश का संदेह पैदा हुआ। इसके बाद, सदर पुलिस थाना ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की।

अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद, जांचकर्ताओं ने पाया कि एक युवक पीड़ित का पीछा करते हुए उसके घर तक गया और उसके कुछ ही देर बाद कमरे में दाखिल हुआ।

बाद में संदिग्ध को एक बैग और पीड़ित का छाता लेकर परिसर से निकलते देखा गया, जिससे संदेह और भी गहरा गया।

अधिकारी ने बताया कि सूत्रों के आधार पर, पुलिस ने मानव खुफिया जानकारी जुटाई और पता चला कि संदिग्ध पीड़ित का मोबाइल फोन बेचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस दल ने रविवार को आरोपी को हिरासत में लिया।

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति नामची जिला का 19 वर्षीय निवासी है, जो फिलहाल गंगटोक में रह रहा था। वह कथित रूप से नशे का आदी है और पहले चेन व मोबाइल फोन छीनने के मामलों में भी शामिल रहा है।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि उसने पीड़ित का पीछा पैसे लूटने के इरादे से किया था, न कि हत्या करने के लिए। हालांकि, जब पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे चुप कराने के लिए उसके चेहरे को बैग से ढक दिया, जिससे कथित तौर पर दम घुटने के कारण उसकी मौत हो गई।

अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

भाषा

राखी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में