ईटानगर, नौ सितंबर (भाषा) ईटानगर में 50 वर्षीय एक व्यक्ति को सोशल मीडिया पर सामने आई उस वीडियो के संबंध में गिरफ्तार किया गया है, जिसमें वह एक लड़की से छेड़छाड़ करने के साथ ही एक नाबालिग लड़के से मारपीट करते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
ईटानगर क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जुम्मर बसर ने मंगलवार को बताया कि आरोपी को दो सितंबर को गिरफ्तार किया गया था।
अरुणाचल प्रदेश महिला कल्याण सोसायटी (एपीडब्ल्यूडब्ल्यूएस) ने त्वरित गिरफ्तारी के लिए ईटानगर महिला पुलिस थाने की सराहना की और मामले की समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।
एपीडब्ल्यूडब्ल्यूएस ने एक बयान में कहा, ‘‘हर बच्चे को हिंसा, दुर्व्यवहार और शोषण से मुक्त होकर जीने का मौलिक अधिकार है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।’’
उसने प्रशासन से पीड़ितों के लिए उचित परामर्श, कानूनी सहायता और सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।
पुलिस ने बताया कि कई लोगों को सोशल मीडिया पर ये वीडियो प्रसारित करते हुए पाया गया है।
एसपी ने कहा, ‘‘लोगों को नाबालिग की पहचान उजागर करने वाली किसी भी सामग्री को अपलोड, साझा या किसी अन्य को भेजने से बचने की सख्त सलाह दी जाती है।’’
उन्होंने जोर देकर कहा कि बच्चों की गरिमा और निजता की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
एपीडब्ल्यूडब्ल्यूएस ने भी लोगों से सोशल मीडिया पर इन वीडियो को प्रसारित नहीं करने की अपील की और कहा कि इससे पीड़ितों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव