कटनी (मध्यप्रदेश), नौ सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के कटनी जिले में बुधवार को चलती स्कूल वैन का दरवाजा अचानक खुलने से 10 वर्षीय एक छात्र सड़क पर गिर गया और अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा जिले के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में हुआ जब छात्र रोज की तरह स्कूल में पढ़ाई पूरी करने के बाद वैन से अपने घर लौट रहा था।
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि क्षेत्र के टीकर निवासी दिनेश यादव का पुत्र जीत यादव एक निजी स्कूल में तीसरी कक्षा का छात्र था और बुधवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह स्कूल वैन से घर लौट रहा था।
उन्होंने कहा, ‘इसी दौरान रास्ते में अचानक वैन का दरवाजा खुल गया, जिससे जीत का संतुलन बिगड़ गया और वह चलती वैन से सड़क पर जा गिरा। हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।’’
अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों और राहगीरों ने बच्चे को तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र के निजी शिक्षण संस्थानों में उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
शीर्ष अदालत के दिशा-निर्देशों के तहत स्कूल वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र, उसमें गति नियंत्रक यंत्र और नियमानुसार आपातकालीन बटन होना जरूरी है। साथ ही वाहन का रंग पीला होना और आगे-पीछे स्पष्ट अक्षरों में ‘स्कूल वाहन’ लिखा होना अनिवार्य है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन चालक की लापरवाही, वाहन की स्थिति और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं ब्रजेन्द्र खारी
खारी