दिल्ली में हत्या के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार, सात नाबालिग हिरासत में

Ads

दिल्ली में हत्या के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार, सात नाबालिग हिरासत में

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 02:27 PM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 02:27 PM IST

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने यहां मॉडल टाउन इलाके में एक युवक की हत्या करने के आरोप में 28 वर्षीय शख्स को गिरफ्तार किया है और सात नाबालिगों को हिरासत में लिया है।

अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपी की पहचान जहांगीरपुरी निवासी मोहित पाल के तौर पर हुई है जो 18 वर्षीय इशांत उर्फ इशू की हत्या का कथित तौर पर मुख्य साजिशकर्ता है।

पुलिस के मुताबिक, वारदात 22 फरवरी की है और उन्हें सूचना मिली थी कि आजादपुर में एमसीडी कॉलोनी के गेट पर एक व्यक्ति जख्मी हालत में पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि उस शख्स को गोली लगी है और वह खून से लथपथ पड़ा है। मौके से एक स्कूटर और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल लावारिस मिली।

अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित को बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (बीजेआरएम) अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल की जांच के दौरान, फोरेंसिक विशेषज्ञों ने कारतूस के सात खाली खोखे, चार कारतूस, खून से सनी वस्तुएं और एक धातु का टुकड़ा बरामद किया। जांच के लिए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि स्कूटर अमृता नाम की महिला के नाम पर पंजीकृत मिला और उसने पुलिस को बताया कि इसका इस्तेमाल उसका भतीजा इशांत करता है।

उन्होंने बताया कि इशांत एक शादी समारोह में जाने के लिए अपने दोस्तों के साथ एमसीडी कॉलोनी गया था और तभी अज्ञात हमलावरों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।

उसके बयान के बाद मामला दर्ज किया गया और दोषियों को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की गई। जांच के दौरान मोहित पाल को गिरफ्तार किया गया और सात नाबालिगों को हिरासत में लिया गया।

अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 2024 में अपने एक साथी की हत्या से जुड़ी पुरानी दुश्मनी के चलते नरेंद्र ओम पाल नाम के व्यक्ति की हत्या की साजिश रची थी और वे शादी स्थल पर पहुंचे जहां नरेंद्र के आने की उम्मीद थी।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गेट के बाहर इशांत को देखा और गलती से उसे नरेंद्र का साथी समझकर उस पर गोली चला दी।

पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली है।

भाषा नोमान मनीषा

मनीषा