उड़ान में चालक दल की सदस्य का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
उड़ान में चालक दल की सदस्य का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
बेंगलुरु, सात मई (भाषा) केरल के 63 वर्षीय एक यात्री को विमान यात्रा के दौरान चालक दल की 24 वर्षीय एक सदस्य का कथित यौन उत्पीड़न करने का लेकर गिरफ्तार किया गया। कर्नाटक पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना बहरीन से बेंगलुरु आ रही एक उड़ान में हुई।
चालक दल की सदस्य की शिकायत के आधार पर, केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 75(2) (यौन उत्पीड़न) के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
यह घटना चार मई को विमान में घटी, जब आरोपी ने कथित तौर पर परिचारिका के साथ अनुचित व्यवहार किया और उसे छूने की कोशिश की।
अधिकारियों ने बताया कि परिचारिका ने तुरंत आपत्ति जताई और उसे चेतावनी दी एवं इस घटना की जानकारी विमान के कप्तान को दी। पूछताछ करने पर, आरोपी ने कथित तौर पर किसी भी दुर्व्यवहार से इनकार किया और इसे ‘दोस्ताना संपर्क’ बताया।
विमान के हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 पर उतरने के बाद चालक दल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव

Facebook


