मध्य दिल्ली में सड़क दुर्घटना के बाद मोबाइल फोन छीनने का आरोपी गिरफ्तार

मध्य दिल्ली में सड़क दुर्घटना के बाद मोबाइल फोन छीनने का आरोपी गिरफ्तार

मध्य दिल्ली में सड़क दुर्घटना के बाद मोबाइल फोन छीनने का आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: February 2, 2026 / 06:09 pm IST
Published Date: February 2, 2026 6:09 pm IST

नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) मध्य दिल्ली में एक सड़क दुर्घटना के बाद मोबाइल फोन छीनने के विभिन्न मामलों में आरोपी 22 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी रितिक उर्फ ​​कालवा पहाड़गंज का निवासी है। उसने बताया कि आरोपी रानी झांसी रोड पर मॉडल बस्ती लाल बत्ती के पास पकड़ा गया और उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए, जो संभवत: चोरी किए गए थे। पुलिस के अनुसार, 27 जनवरी की सुबह नियमित गश्त पर तैनात एक कांस्टेबल ने देखा कि एक मोटरसाइकिल एक खड़ी कार से टकरा गई। पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार थे।

पुलिस को पास आते देख कर तीनों कथित तौर पर घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे।

पुलिस ने बताया कि कांस्टेबल को संदेह हुआ तो उसने मोटरसाइकिल सवारों का पीछा किया और उनमें से एक को पकड़ लिया, जबकि अन्य दो फरार हो गए।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए और जांच में पता चला कि इनमें से एक फोन मोती नगर थाने में दर्ज झपटमारी के एक मामले से जुड़ा था, जबकि दूसरा फोन लाहौरी गेट थाने में इसी तरह के एक मामले से संबंधित था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी तीसरे फोन के स्वामित्व दस्तावेज पेश करने में विफल रहा।

पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान, रितिक ने बताया कि उसने नबी करीम के निवासी अपने साथियों वसीम और सलीम के साथ मिलकर लगभग 10 से 12 दिन पहले आनंद पर्वत क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चुराई थी।

उन्होंने बताया कि तीनों ने कथित तौर पर चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल शहर के अलग-अलग हिस्सों में मोबाइल छीनने की घटनाओं को अंजाम देने के लिए किया।

पुलिस ने बताया कि फरार सह-आरोपियों का पता लगाने और बरामद मोबाइल फोन के स्वामित्व की पुष्टि करने के लिए प्रयास जारी हैं।

भाषा

शुभम जोहेब

जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में