नींद की दवा मिला शीतलपेय पिलाकर यात्रियों का सामान चुराने का आरोपी गिरफ्तार
नींद की दवा मिला शीतलपेय पिलाकर यात्रियों का सामान चुराने का आरोपी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने यात्रियों को नींद की दवा मिला शीतलपेय पिलाकर कथित रूप से उनका कीमती सामान चुराने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने मुंबई निवासी दीपक ढिल्लोड द्वारा इस महीने पांच जून को दर्ज कराई गई ई-प्राथमिकी के आधार पर की है।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि 30 मई को वह हरियाणा के सोनीपत जाने के लिए बस पकड़ने के लिए आईएसबीटी कश्मीरी गेट आया था, जहां एक अज्ञात व्यक्ति उससे दोस्ताना अंदाज में मिला और उसे ‘फ्रूटी’ दी, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गया और जब उसे होश आया, तो उसकी सोने की दो चेन, लॉकेट, एक कलाई घड़ी और बटुआ गायब था।
उत्तर दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजा बांठिया ने बताया कि आईएसबीटी पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी विश्वलेषण के आधार पर आरोपी की पहचान बुराड़ी संत नगर निवासी 35 वर्षीय फिलिप उर्फ विक्की के तौर पर हुई है और 19 जून को उसे आईएसबीटी कश्मीर गेट से पकड़ लिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से नशीली दवा मिला शीतलपेय व ‘लोराज़ेपम आईपी 2 एमजी’ (एटिवन 2 एमजी) की कुल 30 गोलियां व शिकायकर्ता का सामान बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान, आरोपी विक्की ने बताया कि वह बस टर्मिनल जैसी जगहों पर दूसरे राज्यों से वहां आने वाले लोगों से मित्रवत तरीके से मिलता और उन्हें नींद की दवा मिला शीतल पेय पीने के लिए देकर निशाना बनाता था।
पुलिस ने बताया कि वह पिछले 21 वर्षों से इस तरह के अपराध कर रहा था और उसके खिलाफ ऐसे मामलों में शामिल रहने को लेकर दिल्ली के विभिन्न थानों में पहले से मामले दर्ज हैं।
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


