प्रधानमंत्री मोदी की आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट करने को लेकर बिहार से एक व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

प्रधानमंत्री मोदी की आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट करने को लेकर बिहार से एक व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 05:10 PM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 05:10 PM IST

नयी दिल्ली, 21 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एआई की मदद से तैयार आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में बिहार के अरवल जिले से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस और स्थानीय पुलिस के संयुक्त अभियान में मौलानाचक गांव से आरोपी सिद्धनाथ कुमार को गिरफ्तार किया गया तथा उसे (बिहार से) आगे की जांच के लिये दिल्ली लाया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लोधी कॉलोनी में विशेष शाखा में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि जांच के दौरान पता चला कि कुमार ने कथित तौर पर कृत्रिम मेधा (एआई) उपकरणों का उपयोग करके प्रधानमंत्री मोदी की आपत्तिजनक तस्वीरें बनाईं और उन्हें कई खातों से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया।

पुलिस को संदेह है कि यह सामग्री लोगों को गुमराह करने और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने के इरादे से अपलोड की गई थी।

पुलिस ने कहा कि आरोपी ने भाजपा की एक महिला विधायक और विदेश की एक महिला नेता की छेड़छाड़ की गयी तस्वीरें भी साझा कीं।

बयान में कहा गया है कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सामग्री कितनी व्यापक रूप से प्रसारित हुई और किन नेटवर्क के माध्यम से इसे फैलाया गया।

पुलिस ने बताया कि कुमार के खिलाफ बीएनएस की धाराओं– 336(4) (जालसाजी), 356 (मानहानि) और 351(1) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा

राजकुमार दिलीप

दिलीप