नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) बाहरी उत्तरी दिल्ली के नरेला में खड़ी बाइकों से पेट्रोल चोरी का विरोध करने पर पड़ोसियों द्वारा कथित रूप से बुरी तरह से पीटे गए 50 वर्षीय व्यक्ति ने एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पीड़ित की पहचान राजेंद्र के रूप में हुई है, जो दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में संविदा कर्मचारी के रूप में काम करता था।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 30 मार्च की रात को बांकेनर गांव में उस समय घटी जब पास में एक धार्मिक आयोजन हो रहा था और कई लोगों ने पीड़ित के घर के बाहर अपने वाहन खड़े कर रखे थे।
पुलिस ने बताया कि पीसीआर पर सूचना मिलने के बाद एक टीम मौके पर पहुंची और घायल को राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया।
राजेंद्र की पत्नी और बच्चों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन अगले दिन राजेंद्र की हालत बिगड़ गई और उन्हें एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आठ अप्रैल को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
राजेंद्र के बेटे रोहित ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति और उसके दो बेटे उनके घर के बाहर खड़ी एक बाइक से पेट्रोल चुरा रहे थे और जब उनके पिता ने इसका विरोध किया, तो विवाद हो गया, जिसने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर मोटरसाइकिल को आग लगाने की धमकी दी।
राजेंद्र की पत्नी ने आरोप लगाया, “उन्होंने मेरे पति, मेरे बेटों और मुझ पर हमला किया।”
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अधिकारी ने कहा, “हम घटना की जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा