झुंझुनू जिले में एक व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की: पुलिस
झुंझुनू जिले में एक व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की: पुलिस
जयपुर, 17 मई (भाषा) राजस्थान के झुंझुनू जिले में शनिवार सुबह 42 साल के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर यात्री ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि उसके पास से ‘सुसाइड नोट’ मिले हैं जिसमें लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी गयी है।
पुलिस ने बताया कि आज ‘न्यू हाउसिंग बोर्ड पुलिस लाइन रेलवे क्रॉसिंग’ के पास विमल कुमार शर्मा ने सीकर-रेवाड़ी यात्री ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
कोतवाली पुलिस के मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह ने बताया कि घटनास्थल से बरामद एक मोबाइल फोन के जरिए मृतक की पहचान की गई।
उन्होंने कहा,‘‘हमने फोन में सेव किए गए नंबरों पर संपर्क किया तो मृतक की पहचान करने में मदद मिली।’’
उन्होंने बताया कि शर्मा ‘शेयर मार्केट ट्रेडिंग’ का काम करते थे।
पुलिस ने बताया कि शर्मा की जेब से तीन पन्नों का कथित ‘सुसाइड नोट’ बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर अपनी मौत के लिए कई लोगों को ज़िम्मेदार ठहराया है।
पुलिस के अनुसार शर्मा ने ‘सुसाइड नोट’ में उन पर स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर उनके परिवार के साथ करीब 1.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।
नोट में शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कोई उचित जांच नहीं की गई और बिना किसी पूछताछ के ही मामले को बंद कर दिया गया। इसमें दावा किया गया है कि इस संबंध में कॉल रिकॉर्डिंग, पेन ड्राइव और बैंक स्टेटमेंट जैसे सबूत मौजूद हैं। यह भी आरोप है कि मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसके अनुसार पीड़ित बढ़ते कर्ज़ और लेनदारों की कथित प्रताड़ना के चलते ही यह कदम उठा रहा है। इस बीच, परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे और ‘सुसाइड नोट’ में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने यह कहते हुए शव लेने से इनकार कर दिया कि जब तक कार्रवाई नहीं होती वे शव स्वीकार नहीं करेंगे।
पुलिस ने बताया कि ‘सुसाइड नोट’ में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए जांच की जा रही है।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार

Facebook


