नोएडा, 18 फरवरी (भाषा) थाना फेस-2 क्षेत्र में नोएडा एक्सप्रेस-वे पर बीती रात एक कैंटर की चपेट में आने से पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत हो गई।
थाना फेस-2 के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बुधवार को बताया कि दिल्ली के बदरपुर निवासी सोनी लाल (40) मंगलवार रात करीब नौ बजे नोएडा एक्सप्रेस-वे पर पैदल जा रहे थे। सिंह के अनुसार, इसी दौरान एक अज्ञात कैंटर चालक ने कथित रूप से तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल सोनी लाल को पुलिस ने फेलिक्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बुधवार तड़के उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है। आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
एक अन्य घटना में थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के असगरपुर गांव के निवासी अमरजीत मौर्य (50) मंगलवार रात अपने घर में सीढ़ियों से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।
थाना सेक्टर-126 के प्रभारी सोमेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं मनीषा
मनीषा