नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक मॉल की पार्किंग में एक कार के भीतर 42 वर्षीय व्यक्ति मृत पाया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, सोमवार शाम करीब छह बजे मयूर विहार थाने में घटना संबंधित सूचना प्राप्त हुई थी जिसके बाद पुलिस टीम को स्टार सिटी मॉल भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने पर कार के अंदर एक व्यक्ति अचेत मिला। बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, व्यक्ति की पहचान नरेंद्र कुमार के रूप में हुई है और उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, पार्किंग स्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई जिसमें किसी भी संदिग्ध गतिविधि या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता नजर नहीं आई है।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘अब तक देखे गए फुटेज में कुमार की ओर से कोई हलचल नहीं दिखाई दी है। उनके पास से अस्थमा की कुछ दवाएं मिली हैं। परिस्थितियां, प्रथम दृष्टया प्राकृतिक मृत्यु की ओर इशारा करती हैं।’
उन्होंने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव