जमशेदपुर में व्यक्ति ने पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की हत्या की

जमशेदपुर में व्यक्ति ने पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की हत्या की

जमशेदपुर में व्यक्ति ने पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की हत्या की
Modified Date: May 11, 2026 / 04:14 pm IST
Published Date: May 11, 2026 4:14 pm IST

जमशेदपुर, 11 मई (भाषा) झारखंड के जमशेदपुर में एक व्यक्ति ने सोमवार को पारिवारिक विवाद के बाद अपनी पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से वार करके उनकी कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना सिदगोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्रीको इलाके में हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (पूर्वी सिंहभूम) पीयूष पांडे ने बताया कि आरोपी रवींद्र प्रसाद सिंह लंबे समय से जारी एक पारिवारिक विवाद में शामिल था। सिंह फरवरी में एक इस्पात कंपनी से सेवानिवृत्त हुआ था।

उन्होंने कहा, ‘‘सोमवार को विवाद हिंसक हो गया और रवीद्र ने अपनी पत्नी सरिता सिंह (55), बेटी सुप्रिया सिंह (31) तथा बेटे रविशेक कुमार (30) पर कथित रूप से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।’’

पुलिस ने बताया कि सुप्रिया गर्भवती थी।

सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम एग्रीको स्थित कंपनी के ‘क्वार्टर’ (आवास) पहुंची और वहां से शव बरामद किये।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषभ त्रिवेदी ने बताया कि आरोपी ना तो घटनास्थल से भागा और ना ही उसने जांचकर्ताओं के साथ सहयोग किया और मानसिक रूप से विक्षिप्त होने का नाटक करता प्रतीत हुआ।

अधिकारी ने बताया कि सुबह हुई घटना के समय आरोपी की पत्नी खाना बना रही थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से एक कुल्हाड़ी और एक हथौड़ा बरामद किया है।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया है।

भाषा यासिर अमित

अमित


लेखक के बारे में