मुंबई अंडरवर्ल्ड-आईएसआई गठजोड़ से जुड़े व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया
मुंबई अंडरवर्ल्ड-आईएसआई गठजोड़ से जुड़े व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया
नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और डी-कंपनी के एक कथित गुर्गे से संबंध रखने वाले एक व्यक्ति को बहु-एजेंसी अभियान में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि संदिग्ध की पहचान हुजैफा के रूप में हुई है। सूत्रों ने बताया कि उसे केंद्रीय एजेंसियों और दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के एक संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि हुजैफा को मुंबई अंडरवर्ल्ड के एक प्रमुख चेहरे मुन्ना झिंगाड़ा का करीबी सहयोगी बताया जाता है, जिसके कराची से सक्रिय होने का संदेह है।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां कथित मुंबई अंडरवर्ल्ड-आईएसआई गठजोड़ की जांच कर रही हैं और इस मामले में हाल ही में मुंबई के विभिन्न स्थानों पर समन्वित तलाशी अभियान और छापेमारी की गई थी।
पुलिस सूत्र ने कहा, ‘‘जांच में संकेत मिले हैं कि हुजैफा को झिंगाड़ा ने ऐसा काम सौंपा था, जिसका उद्देश्य देश में भय फैलाना और दहशत का माहौल उत्पन्न करना था।’’
सूत्रों ने बताया कि हुजैफा को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि उम्मीद है कि विशेष प्रकोष्ठ उसकी हिरासत का अनुरोध कर सकती है।
भाषा अमित रंजन
रंजन
रंजन

Facebook


