उत्तर दिल्ली में व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या
उत्तर दिल्ली में व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या
नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में तीन लोगों के साथ तीखी बहस के बाद 25 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान तिमारपुर की संजय बस्ती निवासी दिलावर उर्फ बाबू के रूप में हुई है, जो चालक के तौर पर काम करता था।
पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार रात संजय बस्ती के पास चौधरी फतेह सिंह मार्ग पर सर्विस रोड पर हुई।
पुलिस के मुताबिक, चाकूबाजी की सूचना रात करीब 9.50 बजे मिली, जिसके बाद घायल व्यक्ति को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दिलावर अपने दोस्त गौरव के साथ जिम से लौट रहा था जब रात करीब साढ़े नौ बजे तीन लोगों ने कथित तौर पर उन्हें रोका।
पुलिस ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच बहस छिड़ गई, जो जल्द ही बढ़ गई और हमलावरों ने कथित तौर पर दिलावर पर कई बार चाकू से वार किया और भाग गए।
गौरव के बयान के आधार पर तिमारपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि पुलिस टीमें गठित की गई हैं और आरोपियों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
भाषा नोमान
नोमान माधव
माधव

Facebook


