दिल्ली के होटल में व्यक्ति ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या की, बाद में आत्महत्या का प्रयास किया

दिल्ली के होटल में व्यक्ति ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या की, बाद में आत्महत्या का प्रयास किया

दिल्ली के होटल में व्यक्ति ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या की, बाद में आत्महत्या का प्रयास किया
Modified Date: September 3, 2026 / 09:34 pm IST
Published Date: September 3, 2026 9:34 pm IST

नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके के एक होटल में 28 वर्षीय महिला की उसके पति ने पारिवारिक विवाद को लेकर हुए झगड़े के दौरान कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी और इसके बाद आरोपी ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान राजस्थान के फलोदी निवासी 29 वर्षीय प्रकाश के रूप में हुई है, जिसने होटल प्रिंस के एक कमरे के अंदर अपनी पत्नी शिवानी पर चाकू से हमला किया और इसके बाद कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक, इस जोड़े ने लगभग छह महीने पहले शादी की और विवाह के बाद लगभग एक महीने तक राजस्थान में साथ रहे। शुरुआती जांच के अनुसार, शिवानी दिल्ली आ गई और एक ब्यूटी पार्लर में काम करने लगी, जबकि प्रकाश राजस्थान में ही रहा और वह फलोदी में चाय की दुकान चलाता था।

पुलिस ने कहा कि प्रकाश घटना से एक दिन पहले दिल्ली पहुंचा और लाहौरी गेट थाना क्षेत्र में होटल प्रिंस में एक कमरा बुक किया। बाद में शिवानी भी वहां आ गई।

पुलिस ने बताया कि रात में पारिवारिक विवाद को लेकर कमरे के अंदर दंपति के बीच बहस हो गई, जिसके बाद प्रकाश ने शिवानी पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि अपनी पत्नी को कथित तौर पर चाकू मारने के बाद प्रकाश ने आत्महत्या करने का प्रयास किया।

पुलिस ने बताया कि घटना का पता बृहस्पतिवार सुबह चला जब होटल कर्मियों ने दोनों को बेहोश पाया। कर्मचारियों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद एक टीम होटल पहुंची और जोड़े को नजदीकी अस्पताल में ले गई।

डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रकाश को इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि पति ने महिला को चाकू मारा था, लेकिन सटीक मकसद अब तक पता नहीं चल पाया है।

उन्होंने कहा कि टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद किस वजह से हुआ और स्थिति हिंसक क्यों हो गई।

पुलिस ने बताया कि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। अधिकारियों ने बताया कि हमले में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया चाकू होटल के कमरे से बरामद कर लिया गया है, जबकि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

टीम होटल के कमरे की जांच कर रही है और फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र कर रहे हैं।

पुलिस ने कहा कि वे होटल के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रहे हैं और घटनाओं का क्रम स्थापित करने के लिए होटल और उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं।

पुलिस दंपति की पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है और यह भी देख रही है कि क्या शिवानी के दिल्ली आने और ब्यूटी पार्लर में काम करने के बाद उनके बीच कोई विवाद हुआ था।

पुलिस ने कहा कि प्रकाश की हालत में सुधार होने के बाद उससे विस्तार से पूछताछ की जाएगी।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव


लेखक के बारे में