हरियाणा : मानेसर की महापौर इंदरजीत कौर यादव भाजपा में हुईं शामिल

हरियाणा : मानेसर की महापौर इंदरजीत कौर यादव भाजपा में हुईं शामिल

हरियाणा : मानेसर की महापौर इंदरजीत कौर यादव भाजपा में हुईं शामिल
Modified Date: April 29, 2026 / 10:23 pm IST
Published Date: April 29, 2026 10:23 pm IST

गुरुग्राम (हरियाणा), 29 अप्रैल (भाषा) लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए, मानेसर की महापौर इंदरजीत कौर यादव नौ पार्षदों के साथ बुधवार को हरियाणा के रेवाड़ी में एक कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं।

केंद्रीय राज्य मंत्री और गुरुग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह के मार्गदर्शन में यह पहल की गई।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडोली ने महापौर को पगड़ी भेंट की और उन्हें पार्टी में शामिल किया।

पटौदी की विधायक बिमला चौधरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

मानेसर नगर निगम के गठन के बाद महापौर के लिए हुए पहले चुनाव में इंदरजीत कौर यादव ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा। उन्होंने मार्च 2025 में इस चुनाव में भाजपा उम्मीदवार सुंदर लाल सरपंच को हराया।

महापौर चुनाव जीतने के बाद यादव ने भाजपा में शामिल होने की इच्छा जताई, लेकिन केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और राज्य मंत्रिमंडल मंत्री राव नरबीर सिंह के बीच गुटबाजी के कारण भाजपा के भीतर इसका कड़ा विरोध हुआ।

सुंदर लाल राव नरबीर के गुट से थे, इसलिए वह यादव को पार्टी में शामिल होने से रोकना चाहते थे। वहीं दूसरी ओर, राव इंद्रजीत सिंह ने भी यादव को भाजपा में शामिल कराने के लिए हर संभव प्रयास किया।

मानेसर की महापौर राव इंद्रजीत सिंह के सभी कार्यक्रमों में हमेशा अग्रणी रहीं। इंद्रजीत सिंह की बेटी, हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने महापौर कार्यालय का उद्घाटन किया।

मानेसर में एक प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान विवाद खड़ा हो गया था, जिसमें यादव ने राव नरबीर सिंह पर उनके पति को राजनीतिक साजिश के तहत फंसाने का गंभीर आरोप लगाया था। हालांकि, बाद में मामला सुलझ गया।

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में