मणिपुरः एनएच-2 पर परिवहन सेवा बहाल होने से 200 यात्री गुवाहाटी के लिए रवाना

Ads

मणिपुरः एनएच-2 पर परिवहन सेवा बहाल होने से 200 यात्री गुवाहाटी के लिए रवाना

  •  
  • Publish Date - August 22, 2026 / 07:05 PM IST,
    Updated On - August 22, 2026 / 07:05 PM IST

इंफाल, 22 अगस्त (भाषा) मणिपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (एनएच 2) पर परिवहन सेवाएं बहाल होने के एक दिन बाद शनिवार को इंफाल से कम से कम 200 यात्री गुवाहाटी के लिए रवाना हुए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई थी। सुरक्षा संबंधी चिंताओं और नाकेबंदी के कारण विभिन्न समुदायों के लोग दूसरे समुदाय के वर्चस्व वाले इलाकों से होकर यात्रा करने से बचते थे।

बयान में कहा गया कि एनएच-2 के जरिए इंफाल-दीमापुर-गुवाहाटी मार्ग पर सार्वजनिक परिवहन की सेवा दूसरे दिन भी सुचारू रूप से जारी रही। करीब 10 बजे 10 वाहनों के काफिले में 200 से अधिक यात्री इंफाल से रवाना हुए।

मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह, उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन और विधायक हाओखोलेट किपगेन ने संयुक्त रूप से आठ अगस्त को घोषणा की थी कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सभी समुदायों के लोगों की आवाजाही फिर से शुरू होगी।

शुक्रवार को 125 यात्री सात वाहनों में एनएच-2 से होकर कुकी-बाहुल्य कांगपोकपी और नगा वर्चस्व वाले सेनापति जिलों से गुजरते हुए इंफाल से रवाना हुए। वे शनिवार सुबह गुवाहाटी पहुंचे।

मई 2023 से मणिपुर में इंफाल घाटी के मेइती और आसपास की पहाड़ियों में रहने वाले कुकी समुदाय के बीच हुई जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

भाषा

प्रचेता पवनेश

पवनेश