मणिपुर भाजपा प्रमुख शारदा देवी ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया

मणिपुर भाजपा प्रमुख शारदा देवी ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया

मणिपुर भाजपा प्रमुख शारदा देवी ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया
Modified Date: June 8, 2026 / 02:04 pm IST
Published Date: June 8, 2026 2:04 pm IST

इंफाल, आठ जून (भाषा) मणिपुर भाजपा अध्यक्ष अधिकारीमयुम शारदा देवी ने सोमवार को राज्य की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए होने वाले चुनाव में पार्टी उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

उन्होंने विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह और पार्टी विधायकों की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया।

नामांकन के बाद शारदा देवी ने कहा कि यदि वह निर्वाचित होती हैं तो संसद में राज्य की महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में जातीय हिंसा से प्रभावित महिलाओं के लिए हमने राहत शिविर स्थापित किए थे। अब यदि मैं निर्वाचित होती हूं तो महिलाओं से जुड़े मुद्दों को संसद में उठाने का प्रयास करूंगी।’’

भाजपा नेता ने कहा कि एक महिला होने के नाते उनकी प्राथमिकता महिलाओं के विकास और सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों पर काम करना रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि वह मणिपुर की अखंडता की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को भी उठाएंगी।

भाजपा की मणिपुर इकाई के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष शारदा देवी ने मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद, असम से पार्टी विधायक एवं पर्यवेक्षक डॉ. राजदीप रॉय तथा अन्य विधायकों की उपस्थिति में अपना नामांकन सफलतापूर्वक दाखिल किया।

राज्य की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए मतदान 18 जून को होगा।

मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 36 विधायक हैं। इसके अलावा नेशनल पीपुल्स पार्टी के छह, नागा पीपुल्स फ्रंट और कांग्रेस के पांच-पांच, कुकी पीपुल्स अलायंस के दो तथा जेडीयू का एक विधायक है। तीन निर्दलीय विधायक भी हैं।

अब तक विपक्ष की ओर से किसी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया है।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में