मणिपुर : बम धमाके में मारे गए दोनों बच्चों के शव परिवार को सौंपे गए
मणिपुर : बम धमाके में मारे गए दोनों बच्चों के शव परिवार को सौंपे गए
इंफाल, दो मई (भाषा) मणिपुर के विष्णुपुर जिले में पिछले महीने हुए धमाके में मारे गए दो बच्चों के शव शनिवार को उनके परिजनों को सौंप दिए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि परिवार ने दोषियों को यथा शीघ्र दंडित करने की मांग करते हुए शवों को लेने से इनकार कर दिया था, जिसकी वजह से पांच वर्षीय लड़के और उसकी छह महीने की बहन की लाश गत 25 दिन मुर्दाघर में रखनी पड़ी।
मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने 25 अप्रैल को बच्चों के परिजनों से शव लेने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि दोषियों को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
विष्णुपुर जिले के ट्रोंगलाओबी में सात अप्रैल को हुए बम हमले में दो बच्चों की मौत हो गई थी। उनके शव इंफाल के क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान के मुर्दाघर में रखे गए थे।
इस घटना के कारण इंफाल घाटी के पांच जिलों में व्यापक हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए और बाद में यह मामला राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को सौंप दिया गया।
दिन में पहले जब पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए एक खुले वाहन में ले जाया जा रहा था, तब सैकड़ों लोग ट्रोंगलाओबी जाने वाले रास्ते पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कतार में खड़े थे।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप

Facebook


