इंफाल, पांच जून (भाषा) मणिपुर के कांगपोकपी जिले में शुक्रवार तड़के एक गांव पर सशस्त्र हमलावरों द्वारा किए गए हमले में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिले के सैतू-गामफाजोल उपखंड स्थित लोइबोल खुलेन गांव में सुबह करीब चार बजे हुए इस हमले के दौरान आग लगने से कम से कम सात घर भी जलकर खाक हो गए।
एक अधिकारी ने बताया कि प्रतिद्वंद्वी समूहों के बीच कई मिनट तक चली गोलीबारी के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। गोलीबारी शुरू होते ही ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए पास के जंगलों की ओर भाग गए।
मृतकों की पहचान लेटखोंगाम हाओकिप, टिनमैरी हाओकिप और जांगमिनलाल हाओकिप के रूप में हुई है।
राज्य में कुकी जनजातियों के शीर्ष संगठन कुकी इंपी मणिपुर (केएआईएम) ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
संगठन ने एक बयान में कहा, ‘‘केआईएम निहत्थे नागरिकों के खिलाफ की गई इस बर्बर हिंसा की कड़े शब्दों में निंदा करता है। निर्दोष लोगों की जान लेना तथा उनके घरों और आजीविका को नष्ट करना मानव गरिमा और बुनियादी मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है।’’
भाषा गोला मनीषा
मनीषा