मांझी ने विपक्षी दलों की तुलना कौरवों से की, कांग्रेस को शिशुपाल जैसे हश्र की चेतावनी दी

Ads

मांझी ने विपक्षी दलों की तुलना कौरवों से की, कांग्रेस को शिशुपाल जैसे हश्र की चेतावनी दी

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 12:53 AM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 12:53 AM IST

भुवनेश्वर, 22 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को कांग्रेस सहित विपक्षी दलों की तुलना महाभारत के कौरवों से करते हुए आरोप लगाया कि संसद में महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को पारित होने से रोकने के कारण महिलाओं के आक्रोश से उनका राजनीतिक भविष्य नष्ट हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यहां भाजपा की विशाल ‘जन आक्रोश महिला रैली’ को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ की गई ‘आतंकवादी’ टिप्पणी का भी जिक्र किया और कहा कि विपक्षी दल का भी वही हश्र होगा जो शिशुपाल का हुआ था।

महाभारत में कृष्ण ने शिशुपाल को मारा था।

इस रैली में मुख्यमंत्री समेत कई लोगों ने काले कपड़े पहने हुए थे।

लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 के संसदीय चुनावों से लागू करने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक 17 अप्रैल को लोकसभा में पारित नहीं हो पाया था।

सदन में ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026’, पर हुए मत विभाजन के दौरान पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े।

विधेयक के पक्ष में मतदान नहीं करने वाले कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण के संबंध में भ्रामक जानकारी फैला रही है और कहा कि सत्तारूढ़ सरकार 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के बारे में गंभीर नहीं है।

भाषा शुभम जितेंद्र

जितेंद्र