मान ने लॉरेंस बिश्नोई को ‘वीआईपी सुविधा’ देने का आरोप लगाया
मान ने लॉरेंस बिश्नोई को ‘वीआईपी सुविधा’ देने का आरोप लगाया
(फाइल फोटो के साथ)
चंडीगढ़, 16 मार्च (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि कुख्यात गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई को साबरमती केंद्रीय जेल में “वीआईपी सुविधा” दी जा रही है।
पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री मान ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आदेश दिया है कि बिश्नोई से राज्य की जांच एजेंसियां केवल गुजरात की साबरमती जेल में ही पूछताछ कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि हाल में अमित शाह ने पंजाब दौरे के दौरान राज्य में गैंगस्टरों के “आतंक” का जिक्र किया था, लेकिन उसी समय बिश्नोई को गुजरात की जेल में विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं।
मान ने कहा, “ऐसे दोहरे मानदंड नहीं चलेंगे।”
बिश्नोई 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मुख्य आरोपियों में से एक है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पुलिस इस मामले में गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई से पूछताछ के लिए उसे पंजाब लाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि विदेशों में छिपे अपराधियों के खिलाफ इंटरपोल के जरिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए गए हैं और हाल में एक गैंगस्टर को यूक्रेन सीमा पर हिरासत में लिया गया है, जिसे भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर भी मान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी धार्मिक टकराव भड़काने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में “नफरत के बीज नहीं पनप सकते।”
हालांकि उन्होंने लालच देकर धर्म परिवर्तन कराए जाने को गलत बताया।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर राज्य का बकाया धन रोकने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास कोष के लगभग 8,000 करोड़ रुपये अब तक जारी नहीं किए गए हैं और इस मामले में राज्य सरकार ने उच्चतम न्यायालय का रुख किया है।
मान ने दावा किया कि उनकी सरकार को जब भी गैंगस्टरों और अपराधियों की जानकारी मिलती है, पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है और लगभग सभी मामलों को सुलझाया गया है।
उन्होंने कहा कि अमृतसर में जल्द ही विश्वस्तरीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा, जिससे खेलों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को नशे से दूर रखने में मदद मिलेगी।
शाह ने 14 मार्च को मोगा में एक रैली के दौरान गैंगस्टरों, नशीली दवाओं के खतरे और धर्मांतरण समेत विभिन्न मुद्दों पर पंजाब की आम आदमी सरकार पर निशाना साधा था।
भाषा राखी राजकुमार
राजकुमार

Facebook


