अमिताभ, शाहरुख समेत अनेक फिल्मी हस्तियों ने भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी
अमिताभ, शाहरुख समेत अनेक फिल्मी हस्तियों ने भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी
नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) भारत के रिकॉर्ड तीसरी बार आईसीसी मेन्स टी20 विश्वकप जीतने पर फिल्मी हस्तियों ने भी खुशी मनाई और भारतीय टीम को बधाई दी।
अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, प्रियंका चोपड़ा जोनास, अल्लू अर्जुन और आलिया भट्ट जैसे सितारों ने रविवार को हुए फाइनल मुकाबले में न्यूज़ीलैंड पर शानदार और ज़बरदस्त जीत के लिए ‘टीम इंडिया’ की तारीफ़ की।
भारत ने रविवार को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल मैच में न्यूज़ीलैंड को 96 रन से हराया।
बच्चन ने सोमवार को अपने निजी ब्लॉग पर मैच की कई तस्वीरें साझा कीं और कैप्शन में लिखा कि तस्वीरें ‘‘सब कुछ कह रही हैं।’’
शाहरुख ने टीम को ‘शानदार जीत’ के लिए बधाई दी।
उन्होंने लिखा, ‘क्या शानदार जीत है!! हमारे खिलाड़ियों (मेन इन ब्लू) ने कमाल किया!!! आप लोग चैंपियन हैं, और आपको मैदान पर देखकर हम सभी को बहुत गर्व होता है। धन्यवाद।’’
प्रियंका चोपड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज़ पर बधाई संदेश लिखा वहीं आलिया भट्ट ने पोस्ट किया, ‘विश्व चैंपियन। बधाई हो टीम इंडिया… क्या जीत है।’
अर्जुन ने पोस्ट किया, ‘लगातार दूसरा टी20 विश्वकप जीतने के लिए टीम इंडिया को दिल से बधाई। पूरे देश के लिए गर्व का पल। जय हिंद।’
अभिनेता अजय देवगन ने ‘एक्स’ पर लिखा कि भारतीय टीम ने ‘आज रात अरबों दिलों को गर्व से धड़काया है। मैं इतना चिल्लाया हूं कि गला बैठ गया है, लेकिन मेरी मुस्कान पूरे हफ़्ते कहीं नहीं जा रही।’’
पूर्व क्रिकेट कप्तान विराट कोहली की पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने भी भारतीय टीम को बधाई दी और कहा, ‘‘इस शानदार टीम को इस शानदार जीत के लिए दिल से बधाई।’
अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने लिखा, ‘हां!! बधाई हो भारतीय टीम।’’
अभिनेता विक्की कौशल ने कहा, ‘विश्व चैंपियन!! पूरी तरह दबदबा। बहुत बढ़िया टीम इंडिया।’
फिल्म जगत से आयुष्मान खुराना, शाहिद कपूर, सिद्धार्थ मल्होत्रा, रणवीर सिंह, करीना कपूर खान, कैटरीना कैफ, कृति सैनन, कियारा आडवाणी, अनन्या पांडे, माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी, तमन्ना भाटिया और ईशान खट्टर समेत अनेक अदाकारों ने भी भारतीय टीम की इस जीत पर बधाई दी।
भाषा मनीषा वैभव
मनीषा

Facebook


