माओवादियों ने अपने संदेश वाहक की हत्या की : पुलिस

Ads

माओवादियों ने अपने संदेश वाहक की हत्या की : पुलिस

  •  
  • Publish Date - October 25, 2020 / 12:32 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:27 PM IST

हैदराबाद, 25 अक्टूबर (भाषा) तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडम जिले में एक व्यक्ति को 10 दिनों तक बंधक बनाए रखने के बाद माओवादियों ने रविवार को कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने कहा कि मृतक माओवादियों के लिए संदेशवाहक का कार्य करता था।

पुलिस अधीक्षक सुनील दत्त ने कहा कि मृतक की पहचान पड़ोसी जिले मुलुगु के रहने वाले ईश्वर के तौर पर हुई। ईश्वर की गला दबाकर हत्या की गई और उसका शव चारला वन क्षेत्र में पाया गया।

पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ” हमें प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक माओवादियों के लिए काम कर रहा था। उसके परिवार के सदस्यों के मुताबिक, माओवादी ईश्वर पर कई अन्य कार्य करने के लिए भी दबाव डाल रहे थे, जिन्हें करने से उसने इंकार कर दिया था।”

उन्होंने कहा कि माओवादियों ने पिछले 10 दिनों से ईश्वर को बंधक बनाया हुआ था। इस मामले में जांच जारी है।

भाषा शफीक नीरज

नीरज