साकेत में इमारत ढहने की घटना की जांच में एमसीडी को जिम्मेदार पाया गया

साकेत में इमारत ढहने की घटना की जांच में एमसीडी को जिम्मेदार पाया गया

साकेत में इमारत ढहने की घटना की जांच में एमसीडी को जिम्मेदार पाया गया
Modified Date: July 28, 2026 / 01:03 am IST
Published Date: July 28, 2026 1:03 am IST

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) दिल्ली सरकार के आदेश पर हुई मजिस्ट्रेटी जांच में दक्षिणी दिल्ली के साकेत में इमारत ढहने की घटना के लिए एमसीडी को “मुख्य रूप से जिम्मेदार” ठहराया गया है। इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई थी। जांच रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि जांच को “गुमराह” करने के लिए एमसीडी ने रिकॉर्ड में हेरफेर कर दस्तावेज तैयार किए।

हाल ही में जिलाधिकारी (दक्षिण) द्वारा दिल्ली के मुख्य सचिव को सौंपी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली नगर निगम ने लापरवाही बरती और भवन से जुड़े नियमों को लागू कराने में विफल रही। इसमें कहा गया है कि यह हादसा रोका जा सकता था।

दक्षिण दिल्ली में साकेत मेट्रो स्टेशन के निकट स्थित कोचिंग संस्थानों, कैफे और कार्यालयों वाली बहुमंजिला व्यावसायिक इमारत 30 मई को ढह गई थी। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी और आठ अन्य घायल हुए थे।

मजिस्ट्रेट जांच में पाया गया कि इमारत गिरने का मुख्य कारण अनधिकृत संरचनात्मक विस्तार (जिसमें अवैध रूप से तीसरी और चौथी मंजिल का निर्माण शामिल था) तथा नियमों को ठीक से लागू न करना था।।

रिपोर्ट में पुलिस और दिल्ली जल बोर्ड समेत अन्य एजेंसियों को क्लीन चिट दी गई है। वहीं, इसमें कहा गया है कि एमसीडी की निगरानी और नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने की व्यवस्था में गंभीर खामियां थीं। विशेष रूप से अवैध निर्माण की पहले मिली शिकायत पर कार्रवाई नहीं करना उसकी बड़ी चूक रही।

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में