चंडीगढ़ में प्रदर्शनकारी किसानों और केंद्रीय टीम के बीच बैठक जारी

चंडीगढ़ में प्रदर्शनकारी किसानों और केंद्रीय टीम के बीच बैठक जारी

चंडीगढ़ में प्रदर्शनकारी किसानों और केंद्रीय टीम के बीच बैठक जारी
Modified Date: February 22, 2025 / 08:36 pm IST
Published Date: February 22, 2025 8:36 pm IST

(फोटो के साथ)

चंडीगढ़, 22 फरवरी (भाषा) फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों पर चर्चा के लिए प्रदर्शनकारी किसानों और केंद्रीय टीम के बीच शनिवार को नए दौर की बातचीत जारी है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी के साथ 28 सदस्यीय किसान प्रतिनिधिमंडल से मिलने के लिए शाम 6:05 बजे बैठक स्थल महात्मा गांधी लोक प्रशासन संस्थान पहुंचे।

बैठक में पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, गुरमीत सिंह खुड्डियां और लाल चंद कटारूचक भी मौजूद थे।

जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंढेर समेत किसानों का प्रतिनिधिमंडल पहले ही बैठक स्थल पर पहुंच गया था।

डल्लेवाल (70) केंद्र पर आंदोलनकारी किसानों की मांगों को स्वीकार करने का दबाव बनाने के लिए 26 नवंबर, 2024 से पंजाब और हरियाणा के बीच खनौरी सीमा पर आमरण अनशन पर हैं।

किसान नेता काका सिंह कोटरा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बैठक में उनके मुद्दों का समाधान हो जाएगा।

एक अन्य किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल सकारात्मक सोच के साथ बैठक में भाग लेगा।

इससे पहले किसानों ने अगली बैठक दिल्ली में करने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने इसे चंडीगढ़ में निर्धारित किया।

पंढेर ने पहले कहा, ‘आज केंद्र सरकार के साथ छठे दौर की वार्ता होगी। हमें जानकारी है कि केंद्रीय कृषि मंत्री और अन्य मंत्री बैठक का हिस्सा होंगे। केएमएम और एसकेएम (गैर-राजनीतिक) प्रतिनिधिमंडल बैठक में भाग लेंगे।’

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में