गुरुग्राम: पत्नी के तलाक मांगने पर पति ने आत्महत्या की
गुरुग्राम: पत्नी के तलाक मांगने पर पति ने आत्महत्या की
गुरुग्राम, एक अगस्त (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में एसोसिएट ऑपरेटर के तौर पर काम करने वाले व्यक्ति का शव सूरत नगर स्थित उसके घर में फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पत्नी द्वारा तलाक की मांग किए जाने के बाद यह घटना हुई।
पुलिस के मुताबिक, व्यक्ति का शव फंदे पर लटका हुआ था, तब उसका सात साल का बेटा मोबाइल फोन पर घटना का वीडियो बना रहा, जबकि उसकी पत्नी शव को नीचे उतारने के लिए मदद मांगते हुए चिल्ला रही थी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 36 वर्षीय संजीव यादव के रूप में हुई है, जो ‘डेंसो’ कंपनी में एसोसिएट ऑपरेटर था।
पुलिस के मुताबिक, वह मूल रूप से अमृतसर का रहने वाला था और गुरुग्राम के सूरत नगर इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था।
यादव की बहन किरण ने आरोप लगाया कि उसके भाई और भाभी के बीच झगड़ा हुआ था।
किरण ने बताया कि भाभी ने तलाक न मांगा होता को भाई खुदकुशी नहीं करता।
परिवार की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार को यादव का शव फंदे से लटका हुआ मिला और उस समय घर पर सिर्फ उनकी पत्नी मनप्रीत कौर और सात साल का बेटा मौजूद थे।
पुलिस ने बताया कि मनप्रीत ने तुरंत अपने परिवार और सास-ससुर को फोन करके खुदकुशी की जानकारी दी।
यादव के पिता रामसेवक यादव ने बताया कि उनके बेटे और बहू मनप्रीत कौर के बीच कुछ समय से विवाद था।
उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें शक है कि उनकी बहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रची।
जांच अधिकारी उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया, “पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत की सही वजह पता चलेगी और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।”
भाषा जितेंद्र जोहेब
जोहेब

Facebook


