मेघालय के मुख्यमंत्री के भाई जेम्स संगमा राज्यसभा सदस्य निर्विरोध निर्वाचित

मेघालय के मुख्यमंत्री के भाई जेम्स संगमा राज्यसभा सदस्य निर्विरोध निर्वाचित

मेघालय के मुख्यमंत्री के भाई जेम्स संगमा राज्यसभा सदस्य निर्विरोध निर्वाचित
Modified Date: June 11, 2026 / 08:43 pm IST
Published Date: June 11, 2026 8:43 pm IST

शिलांग, 11 जून (भाषा) नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जेम्स के संगमा बृहस्पतिवार को मेघालय से राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा के भाई जेम्स के संगमा को उच्च सदन के द्विवार्षिक चुनाव के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया, क्योंकि मुकाबले में कोई अन्य उम्मीदवार नहीं था। वानवेइरॉय खरलुखी का कार्यकाल पूरा होने के बाद राज्यसभा की सीट खाली हो गई थी।

निर्वाचन अधिकारी से प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद संगमा ने कहा कि उनका निर्विरोध चुना जाना उनके लिए सम्मान की बात होने के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस जिम्मेदारी को संभालने का मौका मिलने पर मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मुझे पता है कि राज्यसभा में मेघालय का प्रतिनिधित्व करना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ इस दायित्व का निर्वहन करने का प्रयास करूंगा।’’

उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के प्रतिनिधियों को संसद में बोलने के लिए पर्याप्त समय पाना एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि इस क्षेत्र की संख्यात्मक ताकत अपेक्षाकृत कम है।

संगमा ने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकताओं में संविधान की आठवीं अनुसूची में खासी और गारो भाषाओं को शामिल करने का प्रयास करना और मेघालय में इनर लाइन परमिट (आईएलपी) लागू करने पर जोर देना शामिल होगा।

भाषा आशीष माधव

माधव


लेखक के बारे में