मेघालय: मसाला प्लांट का उद्घाटन और विकास परियोजनाओं की शुरुआत करने पहुंचीं सीतारमण
मेघालय: मसाला प्लांट का उद्घाटन और विकास परियोजनाओं की शुरुआत करने पहुंचीं सीतारमण
उमियम, 19 जून (भाषा) केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शुक्रवार को मेघालय के दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचीं।
निर्मला इस दौरान पूर्वोत्तर के सबसे बड़े ऑर्गेनिक मसाला प्रोसेसिंग प्लांट का उद्घाटन करेंगी, विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगी और एक संगोष्ठी में शामिल होंगी।
री भोई जिले के भोइरिमबोंग में मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने उनका स्वागत किया।
अधिकारियों ने बताया कि निर्मला ‘ईस्टर्न री भोई ऑर्गेनिक फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी’ द्वारा तैयार किए गए ऑर्गेनिक मसाला प्रोसेसिंग प्लांट का उद्घाटन और निरीक्षण करेंगी।
मंत्री ‘पूर्वोत्तर राज्यों में बाहरी सहायता प्राप्त परियोजनाओं का लाभ उठाने’ पर आयोजित एक संगोष्ठी में भी शामिल होंगी और री भोई, पूर्वी खासी और पश्चिम जयंतिया हिल्स जिलों में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।
अधिकारियों ने बताया कि सीतारमण बाद में शिलांग के ‘यू सोसो थाम’ सभागार में एक कार्यक्रम में शामिल होंगी।
इस कार्यक्रम में मेघालय में बाहरी मदद से जारी परियोजनाओं का उल्लेख किया जाएगा और 1,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी।
निर्मला सीतारमण का पश्चिम जयंतिया हिल्स जिले में शनिवार को ख्लिहतिर्शी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करने से पहले जोवाई के कियांग नांगबाह सरकारी कॉलेज के विद्यार्थियों से बातचीत करने का कार्यक्रम है।
अधिकारियों ने बताया कि इस दौरे का मकसद मेघालय और पूरे पूर्वोत्तर में बुनियादी ढांचे, खेती, स्वास्थ्य देखभाल और विकास साझेदारियों को मजबूत करने के लिए केंद्र की प्रतिबद्धता को उजागर करना है।
भाषा जितेंद्र मनीषा
मनीषा

Facebook


