मेघालय अशांति: बीएसएफ डीआईजी के काफिले पर हमला, वाहन जलाया गया
मेघालय अशांति: बीएसएफ डीआईजी के काफिले पर हमला, वाहन जलाया गया
शिलांग, 12 मार्च (भाषा) मेघालय के गारो हिल्स क्षेत्र में जारी अशांति के बीच सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के डीआईजी के काफिले में शामिल एक वाहन को कुछ लोगों ने आग लगा दी और बीएसएफ के जवानों पर हमला किया जिसमें वे घायल हो गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना बुधवार शाम को उस समय हुई जब उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अन्य अधिकारियों के साथ भारत-बांग्लादेश सीमा के पास पश्चिम गारो हिल्स जिले के तुरा कस्बे में बैठक से लौट रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में डीआईजी और उनके साथ मौजूद अधिकारियों को मामूली चोटें आईं। काफिले का हिस्सा रही बीएसएफ की एक गाड़ी आगजनी का शिकार हो गई।
भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा बीएसएफ करती है। मेघालय में बीएसएफ की तैनाती इसलिए भी है क्योंकि 4,096 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा का 443 किलोमीटर हिस्सा इसी राज्य से होकर गुजरता है।
गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएसीडी) के चुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने को लेकर गारो समुदाय और गैर-गारो समुदाय के बीच हुई झड़पों में मंगलवार को दो लोगों की मौत हो गई।
बुधवार को क्षेत्र के पांच जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गईं। पश्चिम गारो हिल्स और पूर्वी गारो हिल्स जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया है।
हिंसा को देखते हुए सरकार ने 10 अप्रैल को प्रस्तावित जीएचएडीसी चुनाव को स्थगित कर दिया है।
भाषा सुरभि शोभना
शोभना

Facebook


