महबूबा मुफ्ती ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल उठाए

महबूबा मुफ्ती ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल उठाए

महबूबा मुफ्ती ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल उठाए
Modified Date: May 9, 2026 / 07:44 pm IST
Published Date: May 9, 2026 7:44 pm IST

श्रीनगर, नौ मई (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को कहा कि मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन निर्दोष परिवारों को उनके घरों को ध्वस्त करके परेशान नहीं किया जाना चाहिए।

मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में एक पार्टी सम्मेलन को संबोधित करते हुए जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर कोई भी मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल है, तो उसे जेल होनी चाहिए, लेकिन आपको उन पुलिसकर्मियों से भी पूछना चाहिए जो उनसे पैसे लेकर उन्हें छोड़ देते हैं। उनके घर क्यों तोड़े जा रहे हैं? परिवार वालों की क्या गलती है? आप उनके घर क्यों गिरा रहे हैं? यहां कोई न्याय नहीं है।”

उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की आलोचना करते हुए कहा, “उमर, अगर जनता को बुलडोजर बाबा पसंद होते, तो वे आपको वोट क्यों देते? लोगों ने आपको वोट दिया और 50 विधायक यह सोचकर दिए कि आप उनकी रक्षा करेंगे।”

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में आज सुबह ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ के तहत उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की पदयात्रा का जिक्र करते हुए, पीडीपी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकारी कर्मचारियों, स्कूल शिक्षकों और छात्रों को कार्यक्रम में सुबह 6:30 बजे पहुंचने का निर्देश दिया गया था।

उन्होंने कहा, “मैं उस व्यक्ति का नाम नहीं बताऊंगी जिसने मुझे कल आधी रात को संदेश भेजा था। उस व्यक्ति ने बताया कि उपराज्यपाल अनंतनाग में नशा मुक्त अभियान कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं, लेकिन सभी कर्मचारियों और स्कूलों, जिनमें महिलाएं और लड़कियां भी शामिल हैं, को सुबह 6:30 बजे पहुंचने का निर्देश दिया गया है। मैं उपराज्यपाल से कहना चाहती हूं कि यह अभियान एक अच्छी पहल है, लेकिन… उन्हें इंतजार कराना, मुझे लगता है, अनुचित है।”

पीडीपी प्रमुख ने सरकार पर “व्यापक भ्रष्टाचार” का आरोप लगाते हुए कहा कि योग्य युवाओं को अवसरों से वंचित किया जा रहा है, जबकि भर्ती प्रक्रिया में राजनीतिक पक्षपात हावी है।

भाषा प्रशांत नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में