दिल्ली में न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट, अगले कुछ दिन तेज हवा चलने का अनुमान
दिल्ली में न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट, अगले कुछ दिन तेज हवा चलने का अनुमान
नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई और इसके साथ ही, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन तेज हवा चलने का अनुमान जताया है।
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम है। एक दिन पहले यह 26.2 डिग्री सेल्सियस था। अन्य केंद्रों पर भी तापमान सामान्य से नीचे रहा। पालम में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री कम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रिज में यह सामान्य से 2.1 डिग्री कम 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जब आसमान साफ होता है तो धरती की सतह से गर्मी ज्यादा निकलती है, जिससे न्यूनतम तापमान गिर जाता है। शनिवार को भी आसमान मुख्यत: साफ रहने की उम्मीद है।’’
आईएमडी के अनुसार रविवार को दोपहर या शाम में गरज चमक की संभावना है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है और हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।
अधिकारी ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को भी तेज हवाएं जारी रहने का अनुमान है।
आईएमडी ने शनिवार को अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है।
इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़े के अनुसार शनिवार सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 173 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। शुक्रवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्सूआई 152 था, जो भी ‘मध्यम’ श्रेणी में था।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार 0 से 50 एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ माना जाता है।
दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी तंत्र के अनुसार सप्ताहांत में एक्यूआई ‘मध्यम’ श्रेणी में बना रहेगा, लेकिन सोमवार से यह ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच सकता है।
भाषा खारी अमित
अमित

Facebook


