बारुईपुर में नाबालिग से कथित दुष्कर्म, हत्या: एनसीडब्ल्यू ने डीजीपी से कार्रवाई रिपोर्ट मांगी

बारुईपुर में नाबालिग से कथित दुष्कर्म, हत्या: एनसीडब्ल्यू ने डीजीपी से कार्रवाई रिपोर्ट मांगी

बारुईपुर में नाबालिग से कथित दुष्कर्म, हत्या: एनसीडब्ल्यू ने डीजीपी से कार्रवाई रिपोर्ट मांगी
Modified Date: July 6, 2026 / 09:31 pm IST
Published Date: July 6, 2026 9:31 pm IST

कोलकाता, छह जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में एक नाबालिग लड़की से कथित बलात्कार और उसकी हत्या का स्वतः संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने सोमवार को राज्य के पुलिस महानिदेशक सिद्धार्थ नाथ गुप्ता से एक हफ्ते के अंदर विस्तृत ‘कार्रवाई रिपोर्ट’ मांगी।

आयोग ने एक बयान में कहा कि कार्रवाई रिपोर्ट में न सिर्फ इस भयानक अपराध के संबंध में विवरण देना होगा, बल्कि उसके बाद हुई भीड़ की हिंसा की घटनाओं का भी उल्लेख करना होगा।

लड़की का शव सुर्ज्यपुर हाट इलाके में एक बोरी में मिला था।

रविवार को शव मिलने के कुछ घंटों बाद गुस्साई भीड़ ने लड़की की मौत में शामिल होने के संदेह में एक व्यक्ति की पीटकर हत्या कर दी, केंद्रीय बलों के जवानों पर हमला किया और पुलिस की गाड़ियों में आग लगा दी।

बयान में कहा गया है, ‘‘आयोग ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने, कथित बलात्कार और हत्या में शामिल सभी लोगों की तुरंत गिरफ्तारी और जांच की प्रगति के बारे में जानकारी मांगी है।’’

बयान में कहा गया है कि आयोग ने इसके बाद पीटकर की गई हत्या की जांच, इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ की गई कार्रवाई, पुलिस के सुरक्षा प्रदान करने और बचाव के उपायों में हुई किसी भी चूक की जांच, विस्तृत फोरेंसिक और पोस्टमार्टम जांच, और पीड़ित के परिवार को दी गई मेडिकल, मनोवैज्ञानिक, कानूनी और मुआवजे से जुड़ी मदद के बारे में भी जानकारी मांगी है।

‘‘महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ अपराध को कतई बर्दाश्त नहीं करने की अपनी नीति’’ का उल्लेख करते हुए आयोग ने मामले की त्वरित, निष्पक्ष और व्यापक जांच करने तथा कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की मांग की।

बारुईपुर जिला पुलिस और छह सदस्यों वाले विशेष जांच दल (एसआईटी) ने रात भर चलाये गए तलाश अभियान और हिरासत में लिए गए तीन अन्य लोगों से पूछताछ के बाद, प्राथमिकी में नामजद चार संदिग्धों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें मामले का मुख्य आरोपी आनंद सरदार भी शामिल है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि लड़की के परिवार को न्याय मिले और इस बर्बर अपराध के दोषियों को फांसी की सजा हो। उन्होंने यह भी कहा कि बाद में हुई भीड़ की हिंसा और पीटकर की गई हत्या में शामिल लोगों पर भी कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

भाषा सुभाष माधव

माधव


लेखक के बारे में