पश्चिम दिल्ली में घर में आग लगने से एक नाबालिग की मौत, बुजुर्ग महिला झुलुसी
पश्चिम दिल्ली में घर में आग लगने से एक नाबालिग की मौत, बुजुर्ग महिला झुलुसी
नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के विष्णु गार्डन इलाके में बुधवार तड़के एक घर में आग लगने से 13 वर्षीय लड़के की मौत हो गई जबकि एक बुजुर्ग महिला झुलस गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान जसप्रीत के रूप में हुई है जबकि घायल महिला स्वमजीत कौर (65) झुलस गई हैं। उनका इलाज जारी है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के मुताबिक, ख्याला क्षेत्र में स्थित एक घर में आग लगने की सूचना रात करीब दो बजकर 40 मिनट पर मिली। इसके बाद दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और तड़के चार बजकर 10 मिनट तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय जसप्रीत और उसके चाचा भूतल पर सो रहे थे जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर की पहली और दूसरी मंजिल पर सो रहे थे।
डीएफएस के अनुसार, आग मकान के भूतल पर रखे एक इलेक्ट्रिक स्कूटर और घरेलू सामान में लगी थी।
डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों और पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) के कर्मचारियों ने दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर रघुबीर नगर स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जसप्रीत को मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत होता है। हालांकि मामले की आगे जांच की जा रही है।
मृतक जसप्रीत के पिता बलजीत सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि उन्होंने बेटे से परिवार के साथ ऊपर की मंजिल पर सोने को कहा था, लेकिन वह नीचे ही रुक गया।
उन्होंने कहा, “शॉर्ट सर्किट हुआ होगा। पहले शायद सोफे में आग लगी और फिर स्कूटर में। मेरा बेटा और भाई नीचे सो रहे थे। मैंने बेटे से कहा था कि वह हमारे साथ ऊपर सो जाए, लेकिन उसने कहा कि सुबह खेलने जाना है, इसलिए वह नीचे ही सो गया।”
सिंह ने बताया कि रात करीब ढाई बजे उसके चाचा ने जसप्रीत को उठाकर आग लगने की सूचना देने की कोशिश की, लेकिन गहरी नींद में होने के कारण उसे शायद कुछ समझ नहीं आया।
उन्होंने कहा, “इसके बाद मेरा भाई ऊपर आया और हमें बताया। मैंने सभी को ऊपर जाने के लिए कहा और शोर मचाया। तभी हमें एहसास हुआ कि मेरा बेटा अब भी नीचे है। हमने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें लगभग थम चुकी थीं। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”
स्वमजीत कौर ने बताया कि आग तेजी से फैलने के बाद परिवार ने बच्चे को बचाने की भरसक कोशिश की।
उन्होंने कहा, “जसप्रीत और उसका चाचा नीचे सो रहे थे, जबकि उसके पिता, मेरा छोटा पोता और मैं ऊपर थे। आग नीचे की मंजिल पर लगी। उसके चाचा ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह सोता रहा।”
कौर ने कहा, “वह हमें सूचना देने ऊपर आया। मैंने नीचे आने की कोशिश की, लेकिन मैं भी झुलस गई। हमने शोर मचाया और पड़ोसियों को बुलाया। हमने उसे सीपीआर भी देने की कोशिश की, लेकिन आखिरकार अस्पताल में उसकी मौत हो गई।”
उन्होंने आशंका जताई कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी।
भाषा राखी नरेश
नरेश

Facebook


