नाबालिग से दुष्कर्म, हत्या के बाद बारुईपुर में हिंसा का मामला: माकपा नेता लहेक अली पुलिस हिरासत में

नाबालिग से दुष्कर्म, हत्या के बाद बारुईपुर में हिंसा का मामला: माकपा नेता लहेक अली पुलिस हिरासत में

नाबालिग से दुष्कर्म, हत्या के बाद बारुईपुर में हिंसा का मामला: माकपा नेता लहेक अली पुलिस हिरासत में
Modified Date: July 13, 2026 / 09:16 pm IST
Published Date: July 13, 2026 9:16 pm IST

बारुईपुर (पश्चिम बंगाल), 13 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 11 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की घटना के उपरांत एक व्यक्ति को पीट-पीटकर मार डालने के लिए भीड़ को उकसाने के आरोप में गिरफ्तार मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता लहेक अली की जमानत अर्जी खारिज करते हुए यहां की एक अदालत ने उन्हें सोमवार को आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

अली की 14 दिन की पुलिस हिरासत की मांग करते हुए विशेष लोक अभियोजक बिभास चटर्जी ने अदालत को बताया कि उनके खिलाफ भड़काऊ बयान देने के शुरुआती सबूत हैं, जिनकी वजह से भीड़ ने एक व्यक्ति को पीट-पीटकर मार डाला और हिंसक गतिविधियों में भाग लिया, जिसमें रेलवे की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा।

अली की जमानत अर्जी खारिज करते हुए बारुईपुर अदालत के न्यायाधीश ने उन्हें आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

माकपा नेता के वकील ने उनके (अली के) लिए जमानत का अनुरोध करते हुए दावा किया कि आरोप मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं।

दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर के सूर्यपुर क्षेत्र में एक लड़की से बलात्कार और फिर उसकी हत्या के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा के सिलसिले में अली को रविवार रात को गिरफ्तार किया गया था।

यह हिंसा पांच जुलाई को एक तालाब से नाबालिग लड़की की लाश बरामद होने के बाद शुरू हुई। इसके एक दिन पहले लड़की अपने दोस्त के जन्मदिन पर उपहार खरीदने के लिए घर से निकली थी लेकिन लापता हो गई थी।

अली ने वर्ष 2026 में माकपा उम्मीदवार के तौर पर बारुईपुर पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा था।

भाषा संतोष सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में