ईंधन आपूर्ति में कुप्रबंधन से आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो रहा है: कांग्रेस
ईंधन आपूर्ति में कुप्रबंधन से आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो रहा है: कांग्रेस
बेंगलुरु, सात अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर कर्नाटक में रसोई गैस और ईंधन की आपूर्ति के कुप्रबंधन के कारण “पूरी तरह से आजीविका संकट” पैदा करने का आरोप लगाया, जिससे ऑटो चालकों, छोटे व्यवसायों और असंगठित क्षेत्र के कामगारों पर गंभीर प्रभाव पड़ा है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और पार्टी महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक संयुक्त बयान में आरोप लगाया कि पांच लाख से अधिक ऑटो चालक और लाखों छोटे होटल मालिक, विक्रेता और डिलीवरी कर्मचारी कीमतों में भारी वृद्धि, (ईंधन) आपूर्ति की कमी और केंद्र की कथित प्रशासनिक विफलता के कारण अभूतपूर्व कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने उन केंद्रीय मंत्रियों की जवाबदेही पर भी प्रश्न उठाये, जो कर्नाटक से संबद्ध हैं।
उन्होंने अपने बयान में कहा, ‘‘मोदी सरकार द्वारा एलपीजी और ईंधन व्यवस्था के घोर कुप्रबंधन के कारण कर्नाटक में आजीविका का गंभीर संकट पैदा हो गया है।’’
कीमतों में आई तीव्र वृद्धि पर प्रकाश डालते हुए, बयान में कहा गया है कि ऑटो में प्रयुक्त होने वाली गैस की कीमतें मार्च में 58-61 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर कुछ ही हफ्तों में 105-120 रुपये प्रति लीटर हो गईं।
नेताओं ने कालाबाजारी और आगामी चुनावों के बाद कीमतों में संभावित और अधिक वृद्धि को लेकर चिंता व्यक्त की।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश

Facebook


