मिजोरम: म्यांमा के सुपारी तस्करी गिरोह के खिलाफ ईडी की छापेमारी

मिजोरम: म्यांमा के सुपारी तस्करी गिरोह के खिलाफ ईडी की छापेमारी

मिजोरम: म्यांमा के सुपारी तस्करी गिरोह के खिलाफ ईडी की छापेमारी
Modified Date: June 4, 2026 / 11:04 am IST
Published Date: June 4, 2026 11:04 am IST

नयी दिल्ली/आइजोल, चार जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मिजोरम में सीमा पार सुपारी तस्करी गिरोह के खिलाफ धन शोधन जांच के तहत बृहस्पतिवार को म्यांमा अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास कई ठिकानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार सीमावर्ती शहर चंफई में कथित तस्करी नेटवर्क के स्थानीय मददगारों के करीब नौ ठिकानों पर छापे मारे जा रहे हैं।

केंद्रीय एजेंसी सीमा पार एक ‘‘कुख्यात संगठित’’ नेटवर्क को निशाना बना रही है, जो भारत में म्यांमा की अवैध सूखी सुपारी (बर्मी सुपारी) की ‘‘बड़े पैमाने पर’’ तस्करी में लिप्त है।

आरोपियों पर तियू नदी के रास्ते म्यांमा से सुपारी अवैध रूप से लाने, उसे स्थानीय गोदामों में छिपाने और ‘‘फर्जी’’ ई-वे बिल तथा ‘‘जाली’’ दस्तावेजों के जरिए उसे वैध खरीद के रूप में दिखाने का आरोप है।

ईडी ने कहा, ‘‘इस अवैध नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये की काली कमाई को व्यवस्थित तरीके से ठिकाने लगाया गया है।’’

एजेंसी ने यह भी कहा, ‘‘आरोपियों ने सीमा शुल्क अधिकारियों के सामने दावेदार बनने के लिए जानबूझकर अपनी स्थानीय जनजातीय पहचान का फायदा उठाया और पकड़े गए माल को छुड़ाने के लिए पुराने असंबंधित आयात दस्तावेजों का इस्तेमाल किया।’’

भाषा

खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में