Gwalior Hotel Firing Case : ऑर्डर लेने में हुई कुछ मिनट की देरी, तो बेकाबू हो गया दबंग! आधी रात लौटकर होटल में बेखौफ मचाया तांडव, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

ग्वालियर में खाने का ऑर्डर देर से लेने की बात पर भड़के एक युवक ने कथित रूप से साथियों के साथ होटल पर फायरिंग कर दी। घटना में होटल का कांच, काउंटर और बाहर खड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। पूरी वारदात CCTV में कैद हुई है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Gwalior Hotel Firing Case : ऑर्डर लेने में हुई कुछ मिनट की देरी, तो बेकाबू हो गया दबंग! आधी रात लौटकर होटल में बेखौफ मचाया तांडव, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

Gwalior Hotel Firing Case / Image Source : IBC24

Modified Date: June 4, 2026 / 10:33 am IST
Published Date: June 4, 2026 10:31 am IST
HIGHLIGHTS
  • खाने का ऑर्डर देर से लेने पर होटल में हुआ विवाद
  • आरोपी कथित रूप से रायफल लेकर लौटा और फायरिंग की
  • पूरी घटना CCTV में कैद, पुलिस ने मामला दर्ज किया

ग्वालियर : Gwalior Hotel Firing Case :  मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में दबंगई का खौफनाक वीडियो सामने आया है। मोहनपुर पुल के पास हाईवे पर स्थित होटल हाईवे ग्लोरी में देर रात जमकर तोड़फोड़ और फायरिंग हुई। घटना CCTV कैमरे में लाइव कैद हुई है। खाने का ऑर्डर देर से लेने पर आरोपी संजय यादव ने साथियों के साथ रायफल से होटल पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। काउंटर, कांच का गेट और दो कारों के शीशे चकनाचूर हो गए। होटल स्टाफ ने जान बचाकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

क्यों भड़का आरोपी?

दरअसल, यह वारदात मुरार थाना क्षेत्र के मोहनपुर की है। देर रात करीब 11:30 बजे होटल हाईवे ग्लोरी के रिसेप्शन पर काम करने वाले निशांत राजपूत ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह रिसेप्शन पर बैठा था। तभी संजय यादव अपने एक साथी के साथ होटल आया और खाने का ऑर्डर देने के लिए बुलाने लगा। निशांत ने कहा कि वह थोड़ी देर में ऑर्डर लेने आ रहा है। इसी बात पर संजय यादव भड़क गया। वह गालियां देते हुए रिसेप्शन पर आया और थप्पड़ मारने लगा।

Hotel Highway Glory Gwalior CCTV रात 12 बजे रायफल के साथ लौटा आरोपी

वेटर सुमित लोधी बचाने आया तो संजय ने उसका गला पकड़ लिया, जिससे उसके गले में खरोंच आ गई। स्टाफ ने बीच-बचाव कर संजय को बाहर निकाल दिया। इसके बाद निशांत होटल बंद कर रहा था। कांच का गेट लगाकर शटर बंद ही कर रहा था कि रात करीब 12 बजे संजय यादव अपने बेटे सुमित यादव के साथ रायफल लेकर लौट आया। आते ही उसने कांच के मेन गेट पर फायर कर दिया। गोली लगते ही गेट का कांच टूट गया। निशांत डरकर अंदर भाग गया। तभी संजय के साथ 3-4 अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और गालियां देने लगे।

‘आइंदा ऑर्डर लेने में देरी की तो जान से मार दूंगा’

संजय ने होटल के बाहर खड़ी कार और होटल में रुके विनीत दुबे की कार पर भी रायफल से फायर किए। दोनों कारों के शीशे टूट गए। इसके बाद आरोपी अंदर घुसा और काउंटर की तरफ फायर किया, जिससे काउंटर क्षतिग्रस्त हो गया। आरोपियों ने बाहर खड़ी दोनों कारों में डंडों से भी तोड़फोड़ की। जाते-जाते धमकी दी कि आइंदा खाने का ऑर्डर लेने में देरी की तो जान से खत्म कर देंगे।

( MP Crime News )CCTV में कैद हुई घटना

पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने निशांत राजपूत की शिकायत पर संजय यादव, उसके बेटे सुमित यादव और अन्य 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, तोड़फोड़ और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। खाने के ऑर्डर में देरी पर फायरिंग की इस घटना से होटल कारोबारी दहशत में हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

इन्हें भी पढ़ें :


लेखक के बारे में

I’m Sneha Singh, a journalist and news producer at IBC24. A Gold Medalist in Journalism and Mass Communication, I specialize in news production, content writing, and digital storytelling. With a keen interest in political and crime reporting, I believe in delivering accurate, ethical, and impactful journalism that informs and connects with people.