मिजोरम चुनाव : ममित जिले में राजनीतिक दलों के तोरणों, बैनर, पोस्टर, कटआउट गायब
मिजोरम चुनाव : ममित जिले में राजनीतिक दलों के तोरणों, बैनर, पोस्टर, कटआउट गायब
(प्रबीर सिल)
ममित (मिजोरम), तीन नवंबर (भाषा) मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए केवल चार दिन बचे हैं और राज्य के ममित जिले की सड़कें अभी तक राजनीतिक दलों के तोरणों, पोस्टर, बैनर या नेताओं के कटआउट से नहीं सजी हैं तथा चुनाव प्रचार अभियान कुल मिलाकर फीका पड़ा हुआ है।
ममित जिले में केवल मिजो नेशनल फ्रंट, कांग्रेस, जोरम पीपुल्स मूवमेंट और भारतीय जनता पार्टी के कुछ छोटे झंडे लहरा रहे हैं। ममित जिले में तीन विधानसभा क्षेत्र हैं – हाचेक, ममित और डम्पा।
ममित क्षेत्र के एक व्यवसायी एच सियानजामा ने पीटीआई-भाषा को बताया कि सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव के दौरान अभियान कैसे चलाया जाए, इसके लिए मिजोरम पीपुल्स फोरम (एमपीएफ) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें दो शक्तिशाली गैर सरकारी संगठन – यंग मिजो एसोसिएशन (वाईएमए) और मिजोरम हमीचे इंसुइखाओम पावल (एमएचआईपी) शामिल हैं।
एच सियानजामा ने कहा, ‘‘ मंच तय करता है कि अभियान के लिए संयुक्त मंच कब बनेगा। ऐसे आयोजन के दौरान, राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों से अनुरोध किया जाता है कि वे उपस्थित रहें और मतदाताओं को अपना भाषण दें। इसके बाद सवाल-जवाब का दौर शुरू होता है। इससे यहां राजनीतिक दलों की ओर से प्रचार में संतुलन बनाए रखना सुनिश्चित होता है।’’
मिजोरम की 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए सात नवंबर को चुनाव होंगे।
सियानजामा ने कहा, ‘‘ सभी राजनीतिक हितधारकों ने चुनाव के दौरान अभियान कैसे चलाया जाए, इस पर मिजोरम पीपुल्स फोरम (एमपीएफ) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं…।’’
भाषा रवि कांत माधव
माधव

Facebook


