सत्य और सत्याग्रह से डरती है मोदी सरकार: राहुल
सत्य और सत्याग्रह से डरती है मोदी सरकार: राहुल
नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में केन-बेतवा परियोजना से प्रभावित आदिवासियों के विरोध प्रदर्शन का हवाला देते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण विरोध को पुलिस बल के जरिये दबाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि मोदी सरकार ‘सत्य और सत्याग्रह’ दोनों से डरती है।
गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मध्यप्रदेश के आदिवासी जल सत्याग्रह और भूख हड़ताल पर इसलिए बैठे हैं, क्योंकि केन-बेतवा परियोजना के लिए उनकी जमीन छीन ली गई, लेकिन उन्हें न तो उचित मुआवजा मिला और न ही सम्मानजनक पुनर्वास।
कांग्रेस नेता ने कहा कि आदिवासी देश के ‘‘पहले मालिक’’ हैं और जल, जंगल तथा जमीन पर सबसे पहला हक उनका है।
उन्होंने कहा कि आदिवासियों का सत्याग्रह इसलिए है, क्योंकि उनका यही अधिकार उनसे छीना जा रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि आदिवासियों की मांग केवल इतनी है कि उन्हें गुज़र-बसर के लिए उचित सहारा दिया जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बात सुनने के बजाय भाजपा सरकार उनके शांतिपूर्ण विरोध को भी पुलिस बल के जरिये कुचल रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने आदिवासी भाई-बहनों के साथ हैं। उन्हें न्याय दिला कर रहेंगे-मुआवजा और पुनर्वास तो देना ही पड़ेगा।’’
भाषा हक हक सुरेश
सुरेश

Facebook


