मोदी सरकार ने ओबीसी वर्ग को सामाजिक-आर्थिक रूप से सबल बनाया: गुर्जर

मोदी सरकार ने ओबीसी वर्ग को सामाजिक-आर्थिक रूप से सबल बनाया: गुर्जर

मोदी सरकार ने ओबीसी वर्ग को सामाजिक-आर्थिक रूप से सबल बनाया: गुर्जर
Modified Date: June 14, 2023 / 06:29 pm IST
Published Date: June 14, 2023 6:29 pm IST

जयपुर, 14 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय मंत्री एवं दिल्ली के पार्टी मामलों की प्रदेश सह प्रभारी अल्का गुर्जर ने बुधवार को कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने नौ साल के अपने कार्यकाल में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) वर्ग को सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से सबल बनाया है।

यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में गुर्जर ने कहा कि मोदी सरकार के नौ वर्ष के ऐतिहासिक कार्यकाल में ‘सबका साथ सबका विकास’ करके विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अग्रणी कार्य किए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने 1993 में गठित राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को अपने कार्यकाल के दौरान 2018 में संवैधानिक दर्जा दिया।

उन्होंने कहा,‘‘इसके साथ ही ओबीसी जातियों को एमबीबीएस और पीजी में ओबीसी आरक्षण के 27 प्रतिशत का लाभ मोदी सरकार द्वारा दिया गया। इसके तहत 2021-22 में एमबीबीएस में 1500 और पीजी में 2500 विद्यार्थियों को ओबीसी कोटे में प्रवेश मिला। इसके अलावा केन्द्रीय विद्यालयों, सैनिक स्कूलों और नवोदय विद्यालयों में 2020 से लेकर 2023 तक एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को 27 प्रतिशत आरक्षण के लाभ के साथ प्रवेश मिला।’’

बयान के अनुसार उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पिछ़ड़ा वर्ग वित्त निगम द्वारा दक्षता और कुशल संपन्न योजना के तहत कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत बैंको से भरपूर लाभ ओबीसी वर्ग को दिया जा रहा है, जिसमें जनधन योजना के तहत 2022-23 में 77 लाख से ज्यादा ओबीसी लोगों के खाते में 3578.4 करोड़ रूपए जमा हुए।

गुर्जर ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा,‘‘ज्य में पिछड़ा वर्ग के लोगों की स्थिति बदतर है।’’ उन्होंने कहा कांग्रेस की नीतियां हमेशा से विभाजनकारी राजनीति की रही हैं, कांग्रेस तुष्टिकरण और वर्ग विभेद की राजनीति करती है।

भाषा पृथ्वी कुंज राजकुमार


लेखक के बारे में