‘मोदी जी, हमारे विधायक कहां हैं’: केजरीवाल ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर कहा

‘मोदी जी, हमारे विधायक कहां हैं’: केजरीवाल ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर कहा

‘मोदी जी, हमारे विधायक कहां हैं’: केजरीवाल ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर कहा
Modified Date: August 18, 2026 / 04:47 pm IST
Published Date: August 18, 2026 4:47 pm IST

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने पूर्वी दिल्ली की कोंडली विधानसभा सीट से पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार को मंगलवार तड़के उनके आवास से हिरासत में लिया और उन्हें ‘‘अज्ञात स्थान’’ पर ले गई।

केजरीवाल ने विधायक के ठिकाने को लेकर सवाल उठाते हुए दिल्ली पुलिस से स्पष्टीकरण मांगा। वहीं, ‘आप’ नेताओं ने आरोप लगाया कि कुमार को सुबह करीब चार बजे उनके घर से ले जाया गया।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी जी, हमारे विधायक कुलदीप कुमार कहां हैं? आज सुबह चार बजे आपकी दिल्ली पुलिस कुलदीप कुमार को उनके घर से उठा ले गई, सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर भी अपने साथ ले गई। आपकी पुलिस हमें कुछ भी नहीं बता रही है।’’

‘आप’ नेता ने कहा कि यदि पुलिस किसी विधायक को उसके घर से बिना कोई सूचना दिए और बिना कोई कारण बताए उठा सकती है, तो फिर आम आदमी मदद के लिए कहां जाएगा?

उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘आपकी यह दबंगई यह देश बर्दाश्त नहीं करेगा।’’

इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में करीब 20 पुलिसकर्मी कुमार के आवास पर आए और उन्हें अपने साथ ले गए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस एक मृतक सफाई कर्मचारी के परिवार पर उसका अंतिम संस्कार करने के लिए दबाव बना रही है।

पार्टी नेताओं ने कुमार की हिरासत को कल्याणपुरी में ड्यूटी पर तैनात सफाई कर्मचारी अनिल की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों को उनके समर्थन से जोड़ा।

प्रदर्शनकारी मृतक के परिवार के लिए एक करोड़ रुपये के मुआवजे और उसके परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।

‘आप’ नेताओं आतिशी, संजय सिंह और संजीव झा ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कुमार के ठिकाने की जानकारी मांगी।

आतिशी ने इस संबंध में अदालत जाने की बात भी कही। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने यह नहीं बताया कि विधायक कुलदीप कुमार को कहां ले जाया गया है।

सोमवार को दिल्लीभर से आए सैकड़ों सफाई कर्मचारियों और ‘ऑटो-टिपर’ चालकों ने कल्याणपुरी में ड्यूटी के दौरान अनिल की हत्या के विरोध में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एक करोड़ रुपये का मुआवजा और मृतक के परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी देने की मांग की।

भाषा गोला अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में