मोदी असम में मोरन ईएलएफ और अन्य परियोजनाओं का शनिवार को उद्घाटन करेंगे

Ads

मोदी असम में मोरन ईएलएफ और अन्य परियोजनाओं का शनिवार को उद्घाटन करेंगे

  •  
  • Publish Date - February 13, 2026 / 12:21 PM IST,
    Updated On - February 13, 2026 / 12:21 PM IST

गुवाहाटी, 13 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को असम के अपने एक दिवसीय दौरे के तहत मोरन में आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ईएलएफ) सहित कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

यह पिछले तीन महीने में मोदी का तीसरा असम दौरा होगा। राज्य में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

प्रधानमंत्री संभवत: सुबह नौ बजकर 50 मिनट पर डिब्रूगढ़ जिले के चबुआ हवाईक्षेत्र पर पहुंचेंगे और इसके बाद वह भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के सी-130 विमान से मोरन स्थित ईएलएफ जाएंगे, जहां वह 100 करोड़ रुपये की लागत वाली 4.2 किलोमीटर लंबी सुविधा का उद्घाटन करेंगे। मोदी लड़ाकू विमानों, परिवहन विमानों और हेलीकॉप्टर के 20 मिनट के हवाई प्रदर्शन को भी देखेंगे।

इसके बाद वह ईएलएफ से सी-130 विमान से ही अपने दौरे के दूसरे चरण के लिए गुवाहाटी रवाना होंगे।

प्रधानमंत्री गुवाहाटी में 3,000 करोड़ रुपये की लागत से बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन करेंगे जो गुवाहाटी को उत्तर गुवाहाटी से जोड़ेगा। छह लेन वाला यह पुल गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी के बीच निर्बाध संपर्क उपलब्ध कराएगा, क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देगा, भूकंपीय सुरक्षा को बेहतर बनाएगा और राज्य राजधानी क्षेत्र में विकास को गति देगा।

मोदी निकटवर्ती लचित घाट से भारतीय प्रबंधन संस्थान-गुवाहाटी (आईआईएम-गुवाहाटी) के अस्थायी परिसर और कृत्रिम मेधा (एआई) सक्षम ‘हाइपरस्केल डेटा’ केंद्र का भी डिजिटल माध्यम से उद्घाटन करेंगे।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि आईआईएम-गुवाहाटी के उद्घाटन से असम शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाएगा और उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो जाएगा जिनमें अगली पीढ़ी की जरूरतों को पूरा करने के लिए आईआईटी, आईआईएम, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और अन्य सभी अग्रणी संस्थान होंगे।

गुवाहाटी स्थित राष्ट्रीय डेटा केंद्र क्षेत्र में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अवसंरचना की रीढ़ बनेगा और ‘क्लाउड फर्स्ट’ दृष्टिकोण अपनाकर यह ई-गवर्नेंस पहलों की क्षमता बढ़ाएगा तथा सुरक्षित डिजिटल सेवाएं सुनिश्चित करेगा।

प्रधानमंत्री इसी स्थल से गुवाहाटी के लिए 100 विद्युत वाहन (ईवी) को भी रवाना करेंगे।

मोदी यहां भाजपा के बूथ-स्तरीय कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित करने के बाद असम दौरे का समापन करेंगे और दिल्ली रवाना होंगे।

इस बीच, असम के मुख्य सचिव रवि कोटा और पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का आकलन करने के लिए एक संयुक्त समीक्षा बैठक की।

भाषा

सिम्मी अमित

अमित