रामबन में सुरक्षा चौकी को चकमा देकर निकली एसयूवी, पुलिस ने की गोलीबारी

Ads

रामबन में सुरक्षा चौकी को चकमा देकर निकली एसयूवी, पुलिस ने की गोलीबारी

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 10:13 AM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 10:13 AM IST

बनिहाल/जम्मू, सात अगस्त (भाषा) जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में शुक्रवार तड़के जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक एसयूवी सुरक्षा चौकी को चकमा देकर तेज गति में निकली, जिसके बाद पुलिस ने उस पर गोलीबारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, इसके बाद चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया।

यह घटना तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुई, जब एसयूवी श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रही थी। चंदरकोट सुरक्षा चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और वहां से भाग निकला।

अधिकारियों ने बताया कि वाहन को रोकने के लिए पुलिस ने उस पर तीन गोलियां चलायीं, लेकिन वाहन नाशरी क्षेत्र की ओर बढ़ता रहा। इसके बाद जिला पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और सेना की संयुक्त टीमों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया।

रामबन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अरुण गुप्ता ने कहा, ‘‘जिला पुलिस ने संदिग्ध वाहन को दलवास के पास बरामद कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में प्रगति होने पर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।’’

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। साथ ही जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वाहन सुरक्षा चौकी को कैसे चकमा देकर निकला और इसके पीछे क्या मंशा थी।

भाषा गोला रंजन

रंजन