स्वतंत्रता आंदोलन में गुजरातियों की भूमिका संबंधी मोइत्रा का बयान ‘हास्यास्पद’: भाजपा

स्वतंत्रता आंदोलन में गुजरातियों की भूमिका संबंधी मोइत्रा का बयान ‘हास्यास्पद’: भाजपा

स्वतंत्रता आंदोलन में गुजरातियों की भूमिका संबंधी मोइत्रा का बयान ‘हास्यास्पद’: भाजपा
Modified Date: March 30, 2026 / 08:29 pm IST
Published Date: March 30, 2026 8:29 pm IST

गांधीनगर, 30 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बंगालियों और गुजरातियों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम में दिये गये योगदान की तुलना करने को लेकर सोमवार को तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा पर तीखा हमला किया और उन पर ‘बुद्धिमता का हास्यास्पद प्रदर्शन’ कर भारत की अखंडता पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।

भाजपा की गुजरात इकाई ने कहा कि यद्यपि विपक्षी दल ने स्वतंत्रता संग्राम में सरदार वल्लभभाई पटेल की भूमिका को नजरअंदाज किया है, लेकिन राज्य से ताल्लुक रखने वाले महात्मा गांधी का अपमान करना पूरे देश का अपमान है।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष गौतम गेड़िया ने कहा, ‘‘देश की आजादी के लिए हर राज्य, भाषा और समुदाय के लोगों ने लड़ाई लड़ी तथा छह लाख से अधिक लोग शहीद हुए। मोइत्रा जी का यह बयान निराधार और उनकी बुद्धिमत्ता का हास्यास्पद प्रदर्शन है।’’

हाल में कोलकाता में प्रेसवार्ता में कृष्णानगर की लोकसभा सदस्य मोइत्रा ने कहा था कि बंगाली एक बहुत ही गौरवशाली जाति हैं जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ ‘स्वतंत्रता संग्राम’ का नेतृत्व किया ।

तृणमूल सांसद ने दावा किया कि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अंग्रेजों द्वारा निर्मित सेलुलर जेल, काला पानी में एक भी गुजराती नहीं था, सिवाय उनके ‘महान नायक’ वी डी सावरकर के, जो केवल बैठकर माफी पत्र लिखना चाहते थे।

गेड़िया ने कहा, ‘‘मोइत्रा जी का संसद में सवाल पूछने का इतिहास रहा है और वह इसके लिए पैसे लेती रही हैं। उनकी मानसिकता विभाजनकारी है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या यह बयान भी उन्होंने पैसे लेकर दिया है?’’

उन्होंने जाहिर तौर पर मोइत्रा से जुड़े उस घोटाले का जिक्र किया जिसमें वह फंसी थीं।

भाजपा नेता ने कहा, “यह देश की अखंडता का सवाल है। यह राजनीति का नहीं, बल्कि भारत की एकता और अखंडता का सवाल है।”

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने वर्तमान गुजरात के बारदोली से स्वतंत्रता आंदोलन की शुरुआत की, जिससे पूरे देश में विभिन्न आंदोलन शुरू हुए।

उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि कांग्रेस ने उनकी (सरदार पटेल की) उपेक्षा और अपमान किया है। फिर भी, स्वतंत्रता के बाद भी लोग सरदार पटेल का आदर करते हैं, जिन्होंने 562 रियासतों को एकजुट करके एक अविभाजित भारत का सपना देखा था।”

भाजपा नेता के अनुसार सरदार पटेल के अलावा, गुजरात के कई स्वतंत्रता सेनानियों ने स्वतंत्रता संग्राम में बहुमूल्य योगदान दिया, लेकिन राज्य की कई घटनाओं को किताबों में शामिल नहीं किया गया।

गेड़िया ने कहा,“हम सभी पंजाब के जलियांवाला बाग हत्याकांड से परिचित हैं। लेकिन गुजरात में संतरामपुर के पास एक पहाड़ी है, जहां अंग्रेजों ने 1,500 से अधिक आदिवासियों को मार डाला था।”

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि महात्मा गांधी, सरदार पटेल और सावरकर तथा स्वतंत्रता संग्राम में प्राणों की आहुति देने वाले अनगिनत अन्य लोगों के योगदान को नजरअंदाज करना विपक्ष की “बीमार” मानसिकता है।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में