अहमदाबाद, 24 जून (भाषा) दक्षिण-पश्चिम मानसून बुधवार को गुजरात में दाखिल होकर सूरत पहुंच गया है और इसके आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल बने हुए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में बारिश हुई तो वहीं उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र इलाकों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। गांधीनगर और राजकोट में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली चमकने के साथ ही मध्यम दर्जे की आंधी और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
इसने कहा है कि अगले सात दिनों के दौरान गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है।
आमतौर पर मानसून 15 जून तक गुजरात पहुंच जाता है, लेकिन इस साल इसमें देरी हुई है।
आईएमडी ने कहा, ‘‘आज, 24 जून 2026 को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून उत्तर-पूर्वी अरब सागर, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों और छत्तीसगढ़ एवं झारखंड के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है।’
इसने कहा कि मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजरी है। साथ ही अगले दो-तीन दिनों में इसके गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों तथा उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल बने हुए हैं।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश